ताजा खबर
बुधवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का एक डेलीगेशन चुनाव आयोग से मिला.
टीएमसी नेता और सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि इस दौरान 10 मुद्दों पर बात हुई. इस दौरान पश्चिम बंगाल में चल रहे स्पेशल इंटेंशिव रिवीज़न (एसआईआर) पर भी चर्चा हुई.
चुनाव आयोग से मुलाक़ात के बाद टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने कहा कि किसी भी मुद्दे पर कोई ठोस जवाब नहीं मिला.
अभिषेक बनर्जी ने मीडिया को बताया कि करीब ढाई घंटे तक बातचीत हुई.
उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि, “बंगाल के लोग अलग तरह से बने हैं. हम ऐसे नहीं हैं कि आपके सामने झुक जाएं. बीजेपी अपना पूरा दिमाग़ लगा ले, सभी एजेंसियों का इस्तेमाल करे, जो भी उसके पास है, सब लगा दे. फिर भी बंगाल के लोग राज्य में जीतेंगे और बीजेपी को पूरी तरह हरा देंगे. बीजेपी 2012, 2021 और 2024 में औंधे मुंह गिरी है और 2026 में भी ऐसा ही होगा.”
उन्होंने कहा कि, “हम लोगों की ताक़त के आगे झुकेंगे, सत्ता में बैठे लोगों के आगे नहीं.”
उन्होंने कहा कि पिछली बार पार्टी के नेता चुनाव आयोग से मिले थे और चुनाव आयोग से पांच सवालों के जवाब मांगे गए थे, लेकिन अभी तक उन सवालों का एक भी सटीक जवाब नहीं मिला है. (bbc.com/hindi)


