ताजा खबर
TONK POLICE
राजस्थान में टोंक ज़िला पुलिस ने बुधवार को डेढ़ सौ किलो विस्फोटक पकड़ने का दावा किया है.
टोंक ज़िला पुलिस की डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम यानी डीएसटी को इसकी सूचना मिली थी, जिसके आधार पर बरौनी पुलिस थाना इलाक़े में एक गाड़ी को पकड़ा गया.
टोंक ज़िले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश कुमार मीणा ने बीबीसी को फ़ोन पर बताया कि, "बूंदी की ओर से टोंक आ रही एक गाड़ी से डेढ़ सौ किलो अमोनियम नाइट्रेट पकड़ा गया है. साथ ही 200 जिलेटिन छड़ें और 6 बंडल वायर भी बरामद किए गए हैं. एक बंडल में 183 मीटर वायर थी."
यह 'विस्फोटक' कहां ले जाया जा रहा था? इस सवाल पर एसपी राजेश कुमार मीणा बताते हैं कि “इसे अवैध खनन के लिए बूंदी ज़िले से टोंक लाया जा रहा था. इसकी सप्लाई कहां होनी थी और इस पूरे मामले में कितने लोग शामिल हैं, फ़िलहाल इसकी जांच की जा रही है.”
डिप्टी एसपी मृत्युंजय मिश्रा ने मामले की जानकारी देते हुए मीडिया को बताया कि इस मामले में दो लोगों को पकड़ा गया है.
प्रदेश में इससे पहले भी कई बार अमोनियम नाइट्रेट और जिलेटिन छड़ें पुलिस कार्रवाई में पकड़ी गई हैं. इनका इस्तेमाल अवैध खनन में किया जाता है.
राजस्थान में नए साल के मौक़े पर इतनी बड़ी मात्रा में 'विस्फोटक' बरामद होने के बाद एक बार फिर सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं. (bbc.com/hindi)


