ताजा खबर

ग़ाज़ियाबाद में तलवार बांटने का वीडियो वायरल होने पर अखिलेश यादव ने कही ये बातें
31-Dec-2025 9:47 AM
ग़ाज़ियाबाद में तलवार बांटने का वीडियो वायरल होने पर अखिलेश यादव ने कही ये बातें

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें ग़ाज़ियाबाद के शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में कुछ लोग हथियार बांटते हुए दिख रहे हैं.

ये वीडियो कई लोगों ने सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी.

अखिलेश यादव ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, "हिंसक विचार से लेकर हिंसक हथियार तक, लोगों के घरों तक पहुंचाने वाले, देश की एकता और सामाजिक सौहार्द के दुश्मनों के ख़िलाफ़ कोई संज्ञान लेने वाला है क्या?"

उन्होंने आगे लिखा, "हिंसा असभ्य लोगों और कमज़ोर होती सत्ता की निशानी होती है."

कल यानी सोमवार को इस घटना का ज़िक्र करते हुए असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर अतुल कुमार सिंह ने कहा कि "सोशल मीडिया के ज़रिए थाना शालीमार गार्डन को सूचना मिली कि हिन्दू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी तलवार बांट रहे हैं. इसका संज्ञान लेकर थाना शालीमार गार्डन में इस मामले में 16 नामजद और 25 से 30 अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है."

एसीपी अतुल कुमार सिंह ने बताया था कि इस मामले में 10 गिरफ़्तारियां भी हो चुकी हैं. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट