ताजा खबर

तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से सीआरपीएफ जवान की मौत, साथी गंभीर
20-Dec-2025 12:48 PM
तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से सीआरपीएफ जवान की मौत, साथी गंभीर

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

बिलासपुर, 20 दिसंबर। तोरवा क्षेत्र के लालखदान ओवरब्रिज के पास देर रात एक तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार सीआरपीएफ के जवान को टक्कर मार दी। हादसे में जवान मनीष कुमार आदिले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार परिचित उदय पाल ओगरे गंभीर रूप से घायल हो गए।

आदिले कोरबा जिले के हरदीबाजार जोरहाडबरी के रहने वाले थे। उनकी वर्तमान पोस्टिंग श्रीनगर में थी और वे हाल ही में छुट्टियों पर घर आए थे। उनका एक मकान बिलासपुर में भी है, जहां उनका परिवार निवास करता है।

बताया गया कि गुरुवार को मनीष कुमार बाबा गुरु घासीदास की जयंती मनाने अपने गृहग्राम गए थे। देर रात करीब तीन बजे वे परिचित उदय पाल ओगरे के साथ बाइक से बिलासपुर लौट रहे थे। जैसे ही वे लालखदान ओवरब्रिज के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही दोनों बाइक से गिर पड़े। मनीष कुमार के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उदय पाल को भी चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद गृहग्राम में अंतिम संस्कार किया गया। इधर पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर दुर्घटना करने वाले वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।


अन्य पोस्ट