ताजा खबर

मोवा बाजार में युवक की हत्या, हमलावर की तलाश जारी
19-Dec-2025 10:51 PM
मोवा बाजार में युवक की हत्या, हमलावर की तलाश जारी

रायपुर, 19 दिसंबर। खरोरा और तिल्दा में हत्या के मामले शांत नहीं हुए थे कि राजधानी के पंडरी थाना क्षेत्र में  हमले के बाद घायल युवक की मौत (हत्या) हो गई। पुलिस के अनुसार 18 दिसंबर  की रात करीब 10 बजे मोवा बाजार स्थित गुरु घासी दास जयंती कार्यक्रम के दौरान एक युवक की निर्मम हत्या की घटना सामने आई। मृतक दिनेश निषाद (18 वर्ष), पिता गोपाल निषाद, निवासी डबरीपारा (मोवा तालाब के पास) को कुछ लोगों ने विवाद के बाद पीट-पीटकर और चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के तुरंत बाद पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान दिनेश की हालत गंभीर बनी रही, लेकिन सुबह उसकी मृत्यु हो गई। मृतक दिनेश जॉमैटो डिलीवरी का कार्य करता था और अपने परिवार का सहारा था।  घटना का कारण और विवाद स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह घटना मोवा बाजार के बेस्ट  च्वाइस कपड़ा दुकान के पास धुमाल और नृत्य के दौरान हुई। विवाद के कारणों का पता अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, नाच-धूमाल के दौरान किसी बात को लेकर मारपीट शुरू हुई, जिसमें चाकू का भी इस्तेमाल किया गया। पुलिस कार्रवाई और जांच पंडरी थाना पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना स्थल पर मौजूद साक्ष्यों और स्थानीय लोगों के बयानों के आधार पर आरोपी व्यक्तियों की पहचान कर रही है। फिलहाल, घटना में शामिल कई संदिग्धों की तलाश जारी है।


अन्य पोस्ट