ताजा खबर

एसआईआर के बाद गुजरात में मतदाताओं की संख्या 73.73 लाख घटकर 4.34 करोड़ रह गई
19-Dec-2025 9:33 PM
एसआईआर के बाद गुजरात में मतदाताओं की संख्या 73.73 लाख घटकर 4.34 करोड़ रह गई

अहमदाबाद, 19 दिसंबर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुजरात की मसौदा मतदाता सूची से लगभग 74 लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं, जिससे मतदाताओं की कुल संख्या पहले के 5.08 करोड़ के मुकाबले अब 4.34 करोड़ रह गई है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को यहां मतदाता सूची का मसौदा प्रकाशित किया।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) हरीत शुक्ला ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए शुरू किए गए अभियान के बाद कुल 73.73 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए।

उन्होंने कहा, ‘‘मतदाता सूची के मसौदा प्रकाशन से पहले राज्य में कुल 5,08,43,436 मतदाता पंजीकृत थे। इन सूचियों के प्रकाशन के बाद मतदाताओं की संख्या अब 4,34,70,109 हो गई है।’’

शुक्ला ने कहा, ‘‘एसआईआर अभियान के दौरान, मसौदा मतदाता सूची से कुल 73,73,327 मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं।’’

सीईओ कार्यालय से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मसौदा मतदाता सूची से जिन श्रेणियों के मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं, उनमें मृत मतदाता (18,07,278), अनुपस्थित मतदाता (9,69,662), स्थायी रूप से पलायन कर चुके मतदाता (40,25,553), दो स्थानों पर पंजीकृत मतदाता (3,81,470) और अन्य (1,89,364) शामिल हैं।

एसआईआर की कवायद गुजरात में चार नवंबर को शुरू हुई थी और 14 दिसंबर को समाप्त हुई।

निर्वाचन आयोग ने पहले कहा था कि मसौदा सूची प्रकाशित होने के बाद, उनसे संबंधित आपत्तियां और दावे 18 जनवरी तक अधिकारियों को प्रस्तुत किए जा सकते हैं। (भाषा)


अन्य पोस्ट