ताजा खबर
उद्योग मंत्री ने दो साल की उपलब्धियां गिनाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 दिसंबर। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने शुक्रवार को उद्योग विभाग के दो साल के कार्यों का ब्यौरा दिया। उन्होंने बताया कि दो साल में 25 सौ से अधिक उद्योग स्थापित हुए हैं, और पौने 8 लाख करोड़ से अधिक के निवेश के प्रस्ताव मिले हैं।
देवांगन ने मीडिया से चर्चा में उद्योग विभाग की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य की नई उद्योग नीति नवंबर-2024 में लागू हुई। दो वर्षों में 2503 उद्योग स्थापित हुए। 43 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिला।
उद्योग मंत्री ने बताया कि नई नीति में रोजगार आधारित उद्योग अनुदान का प्रावधान किया गया है। स्थानीय लोगों को रोजगार देने पर अनुदान का प्रावधान किया गया है। मेक इन छत्तीसगढ़ की कल्पना को नई नीति में साकार करने की कोशिश की गई है। उन्होंने बताया कि राज्य में निवेश को प्रोत्साहन देने के लिए अन्य राज्यों और विदेशों में भी इन्वेस्टर मीट का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 7 लाख 83 हजार करोड़ से अधिक की निवेश के प्रस्ताव मिले हैं।
उद्योग मंत्री ने बताया कि नवा रायपुर में एआई डाटा सेंटर, एसईजेड आदि की स्थापना की जा रही है। 10 जिलों में 21 निवेश क्षेत्र स्थापित किए जा रहे हैं। दो सौ से अधिक कार्यशाला का आयोजन किया गया, इसमें 10 हजार से अधिक उद्यमियों को प्रशिक्षित किया गया है। पत्रकार वार्ता के दौरान सीएसआईडीसी के चेयरमैन राजीव अग्रवाल और उद्योग सचिव रजत कुमार भी थे।


