ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 19 दिसंबर। नेहरू नगर निवासी उद्योगपति के घर में ब्रीफकेस से 2 लाख कैश चोरी का मामला सामने आया है। शिकायत पर सुपेला पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार अतुल अग्रवाल निवासी ओल्ड नेहरू नगर भिलाई द्वारा अपने घर से एक ब्रीफकेस में रखे 2 लाख रूपये, वोटर आईडी व कंपनी के कागजात चोरी होने की सुपेला थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने अज्ञात संदेही आरोपी के खिलाफ धारा 331(4), 306 बीएनएस का अपराध कायम कर लिया है।
अतुल अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि उनके घर दो महिला नौकरानी और एक प्रायवेट गार्ड है। गार्ड सुबह से रात 8 बजे तक बंगले में ड्यूटी करता है। वह करीब 3 साल से कंपनी और एक साल से घर में गार्ड का कार्य कर रहा है। 17 दिसंबर को शाम अतुल कारखाने से घर आए और ब्रीफकेस घर के बाहर गार्ड सन्नी साहू को कमरे में मैडम को देने कहा। सुबह करीब 10 बजे कंपनी जाते समय पत्नी से ब्रीफकेस मांगा तो वह पुराना था।
दूसरा ब्रीफकेस होने की बात कहने पर अतुल की पत्नी ने बताया कि यही ब्रीफकेस गार्ड ने दिया था। उन्होंने गार्ड से पूछताछ की तो गोल-मोल जवाब मिला। सीसीटीवी चेक किया तो कैमरे का हेड दूसरी तरफ था। ब्रीफकेस के अंदर 2 लाख रूपये नगद तथा अतुल का वोटर आईडी, कंपनी के कागजात थे।


