ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 19 दिसंबर। रेलवे बोर्ड ने गुरुवार को आदेश जारी कर ईस्ट सेंट्रल रेलवे में पदस्थ राकेश रंजन को बिलासपुर का नया मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) नियुक्त किया है। बिलासपुर डीआरएम के पद को लेकर यह एक सप्ताह में दूसरा आदेश है।
इससे पहले 11 दिसंबर को वेस्टर्न रेलवे के उमेश कुमार को बिलासपुर डीआरएम बनाए जाने का आदेश जारी किया गया था। उसी दिन उमेश कुमार ने रेलवे बोर्ड को पत्र लिखकर पारिवारिक कारणों, बच्चे की पढ़ाई और पत्नी की नौकरी का हवाला देते हुए तबादला निरस्त करने का अनुरोध किया था। रेलवे बोर्ड ने उनके अनुरोध को स्वीकार करते हुए तबादला रद्द कर दिया।
उमेश कुमार का तबादला निरस्त होने के बाद रेलवे बोर्ड ने बिलासपुर डीआरएम के लिए नए अधिकारी की तलाश शुरू की। इसके बाद सूची में शामिल नामों में से राकेश रंजन को चुनते हुए 18 दिसंबर को उनकी नियुक्ति का आदेश जारी किया गया।
गौरतलब है कि वर्तमान डीआरएम राजमल खोईवाल की अब तक किसी अन्य पद पर नई पोस्टिंग नहीं की गई है। रेलवे महकमे में यह चर्चा है कि लालखदान मेमू रेल दुर्घटना के बाद यह प्रशासनिक बदलाव हुआ है, हालांकि इस संबंध में रेलवे बोर्ड की ओर से कोई आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया गया है।


