ताजा खबर
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मनरेगा की जगह 'वीबी- जी राम जी' बिल लाए जाने पर कहा कि वह 'शर्मिंदा हैं, क्योंकि महात्मा गांधी का सम्मान नहीं किया जा रहा है'.
ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल की 'कर्मश्री' योजना का नाम बदलकर महात्मा गांधी के नाम पर रखने का एलान किया.
कोलकाता में एक कार्यक्रम के दौरान ममता बनर्जी ने कहा, "मैं शर्मिंदा हूं. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम से चल रही मनरेगा योजना की जगह बिल लाया गया है. इसमें गांधी जी का नाम नहीं है."
उन्होंने कहा, "मैं किसी को दोष नहीं दूंगी. मैं शर्मिंदा महसूस कर रही हूं क्योंकि हम राष्ट्रपिता को भूल रहे हैं."
सीएम ममता बनर्जी ने आगे कहा, "हमने कर्मश्री योजना शुरू की. इस योजना का नाम बदलकर महात्मा जी योजना करेंगे. हम भी 75 से 100 दिन का रोज़गार देंगे."
उन्होंने कहा, "हम सिर्फ़ सम्मान चाहते हैं और कुछ नहीं. अगर आप महात्मा जी को सम्मान नहीं देंगे, तो हम उन्हें सम्मान देंगे. हम जानते हैं महात्मा जी को कैसे सम्मान दिया जाता है."
लोकसभा में गुरुवार को हंगामे के बीच 'वीबी- जी राम जी' बिल पारित हुआ. विपक्ष ने इस बिल का विरोध किया. (bbc.com/hindi)


