ताजा खबर

ओडिशा: केआईएसएस में नाबालिग़ आदिवासी स्टूडेंट की हत्या पर एसटी आयोग ने मांगी रिपोर्ट
19-Dec-2025 10:06 AM
ओडिशा: केआईएसएस में नाबालिग़ आदिवासी स्टूडेंट की हत्या पर एसटी आयोग ने मांगी रिपोर्ट

COMMISSIONERATE POLICE BHUBANESWAR


-सुब्रत कुमार पति

ओडिशा के कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेस (केआईएसएस) में 14 वर्षीय आदिवासी स्टूडेंट की मौत को पुलिस अब हत्या बता रही है. स्टूडेंट की मौत इस महीने की 12 तारीख़ को हुई थी.

मौत के बाद संस्थान की तरफ़ से इसे कार्डियक अरेस्ट बताया गया था. लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले पर चोट के निशान पाए गए.

पुलिस जांच से पता चला है कि स्टूडेंट की हत्या उसके सहपाठियों ने की थी. स्टूडेंट का घर केओंझर में है.

भुवनेश्वर के पुलिस कमिश्नर एस देवदत्त सिंह ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि घटना के बारे में केआईएसएस की तरफ़ से स्थानीय पुलिस को जानकारी न देकर शव को परिवार को दे दिया गया था.

पुलिस के मुताबिक़, हत्या करने वाले तीन स्टूडेंट नाबालिग़ हैं और उन्हें जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में पेश किया गया है.

पुलिस को सूचना न देने, प्रमाण नष्ट करने और मृतक के घरवालों को सही सूचना न देने के मामले में केआईएसएस के 8 अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है. बेल न मिलने पर उन्हें जेल भेजा गया है.

पुलिस कमिश्नर ने कहा है कि इस मामले की जांच अभी भी जारी है.

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए स्थानीय पुलिस और कलेक्टर को तीन दिन के अंदर मामले के बारे में रिपोर्ट देने के लिए कहा है.

परिवार ने न्याय और क्षतिपूर्ति की मांग करते हुए सरकार से सख़्त कार्रवाई की अपील की है.

बीजू जनता दल के पूर्व सांसद अच्युत सामंत केआईएसएस के संस्थापक हैं. उन्होंने केआईआईटी विश्वविद्यालय की भी स्थापना की.

केआईआईटी विश्वविद्यालय में इसी साल फ़रवरी और मई महीने में दो नेपाली स्टूडेंट्स की मौत हुई थी. इसके बाद मामले को लेकर नेपाल और भारत के बीच कूटनीतिक चर्चा तक हुई और उच्च स्तरीय जांच समितियाँ गठित की गईं. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट