ताजा खबर
रायपुर, 18 दिसंबर। एम्स रायपुर के एमबीबीएस 2023 बैच के छात्रों अनिकेत त्रिपाठी एवं स्रहास दिन्नेपल्ली ने भोपाल में आयोजित अंतर-महाविद्यालय फार्माकोलॉजी क्विज़ प्रतियोगिता ‘फार्मक्वेस्ट 2025’ में देशभर की 37 टीमों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक प्रतियोगिता है, जिसका उद्देश्य प्रतिस्पर्धात्मक एवं इंटरएक्टिव शिक्षण के माध्यम से स्नातक चिकित्सा छात्रों में फार्माकोलॉजी विषय की अवधारणात्मक समझ और उसके नैदानिक अनुप्रयोग को सुदृढ़ करना है। प्रतियोगिता के विभिन्न चुनौतीपूर्ण चरणों में एम्स रायपुर की टीम ने गहन विषय ज्ञान, सशक्त नैदानिक तर्कशक्ति तथा उत्कृष्ट समस्या-समाधान क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर एम्स रायपुर के ईडी, सीईओ लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. अशोक जिंदल ने विजेता छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षण प्रणाली और छात्रों की कड़ी मेहनत का परिणाम है।
विजेता छात्रों का मार्गदर्शन विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. नितिन गायकवाड़ के नेतृत्व में प्रोफेसर डॉ. योगेंद्र केचे, डॉ. आलोक सिंह, डॉ. पुगझेन्थेन थंगराजू, डॉ. प्रफुल्ल ठवरे एवं डॉ. समीर खासबागे द्वारा किया गया।


