ताजा खबर

हाईवा की चपेट में सेवानिवृत बुजुर्ग शिक्षक की मौत
17-Dec-2025 4:59 PM
हाईवा की चपेट में सेवानिवृत बुजुर्ग शिक्षक की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 17 दिसंबर।
आज मॉर्निंग वॉक पर निकले एक सेवानिवृत बुजुर्ग शिक्षक की रेत भरी  हाईवा की चपेट में मौत हो गई। घटना स्थल पर मौजूद भीड़ ने बेलगाम हाईवा एवं अन्य वाहनों पर रोक लगाने की मांग उठाई है। सूचना पर भखारा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए कुरूद भेजा।
 

घटनास्थल से प्राप्त जानकारी अनुसार भखारा थानांतर्गत ग्राम सेमरा बी में 17 दिसंबर की सुबह रोज की भांति सेवानिवृत प्रधान पाठक चोवाराम सिन्हा अपने घर से टहलने सुपेला सडक़ पार कर रहे थे, तभी महानदी से रेत भर कर भिलाई की ओर जा रही हाईवा क्रमांक सीजी 07सीसी 9379 ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। 
हादसा इतना जबरदस्त था कि चपेट में आने के बाद वह चक्के में करीब 25फीट तक घसीटते चले गए। जिससे सेवानिवृत शिक्षक के कमर के निचला भाग बुरी तरह से कुचल गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। 
 

 

घटना के बाद गांव के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। भखारा थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कर क्षतविक्षत लाश को पोस्टमार्टम के लिए कुरूद भेजा। पुलिस हाईवा चालक को वाहन समेत पकड़ उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
 

घटनास्थल पर मौजूद सेमरा सोसायटी अध्यक्ष पंकज सिन्हा, ग्रामीण अध्यक्ष लिलेश साहू, प्रमोद सिन्हा, राजेश सिन्हा, दयालुराम सिन्हा आदि ग्रामीणों ने हादसे पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सेमरा-सुपेला मार्ग में तालाब से गोठान मोड़ तक सडक़ दुर्घटना में चार व्यक्ति की असमय मौत हो गई है। ग्रामीणों ने गतिवरोधक या स्टॉपर लगाने की मांग पुलिस प्रशासन से की है। इस दौरान मौजूद नायब तहसीलदार विनोद बंजारे ने फिलहाल स्टॉपर लगाने का भरोसा दिलाया।


अन्य पोस्ट