ताजा खबर

पहली कोशिश में जज बनी पुलिसकर्मी की बेटी, आईजी ने किया सम्मानित
25-Feb-2026 11:17 AM
पहली कोशिश में जज बनी पुलिसकर्मी की बेटी, आईजी ने किया सम्मानित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 25 फरवरी। पुलिस परिवार के लिए सोमवार का दिन गर्व से भरा रहा। हेड कांस्टेबल सतलोक साई पैकरा और मनप्यारी देवी की बेटी स्वाति पैकरा ने सिविल जज परीक्षा पहली ही कोशिश में पास कर ली। इस बड़ी उपलब्धि पर पुलिस महकमे में खुशी की लहर दौड़ गई।

24 फरवरी को पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने स्वाति को बधाई दी। स्वाति बचपन से ही पढ़ाई में तेज रही हैं। उन्होंने डी.पी. विप्र कॉलेज से बीए एलएलबी की पढ़ाई पूरी की और पहली ही बार में सिविल जज परीक्षा में सफलता हासिल की। उनके पिता पुलिस विभाग की स्पेशल ब्रांच में हेड कांस्टेबल हैं।

चयन के बाद स्वाति अपने पिता और जोनल पुलिस अधीक्षक दीपमाला कश्यप के साथ आईजी कार्यालय पहुंचीं। वहां उन्हें गुलदस्ता, स्मृति चिन्ह और मिठाई देकर सम्मानित किया गया। बेटी को सम्मानित होते देख पिता भावुक हो उठे।

आईजी रामगोपाल गर्ग ने स्वाति को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन में चुनौतियां आएंगी, लेकिन ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा कभी नहीं छोड़नी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस की ड्यूटी कठिन होती है, फिर भी पुलिस परिवार के बच्चे हर क्षेत्र में नाम कमा रहे हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने भी स्वाति को शुभकामनाएं दीं और कहा कि पुलिस परिवार की बेटी का जज बनना पूरे विभाग के लिए गर्व की बात है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (इंटेलिजेंस) अमित कुमार ने भी दोनों बेटियों को बधाई संदेश भेजा।

इसी अवसर पर हेड कांस्टेबल (ड्राइवर) उमाकांत कौशिक और मंदाकिनी कौशिक की बेटी संध्या कौशिक का भी जिक्र हुआ। संध्या ने 12वीं में प्रदेश में सर्वोच्च अंक हासिल किए थे। बाद में नीट परीक्षा पास कर सिम्स बिलासपुर से एमबीबीएस किया। एमबीबीएस में टॉप करने पर उन्हें कुल 5 गोल्ड मेडल मिले, जिनमें नेत्र रोग विषय में सर्वोच्च अंक के लिए विशेष स्वर्ण पदक भी शामिल है। फिलहाल वे हैदराबाद के केयर हॉस्पिटल में रेडियोलॉजी में पीजी कर रही हैं।

आईजी ने संध्या के पिता को भी सम्मानित किया और दोनों बेटियों की सफलता पर खुशी जताई। पुलिस अफसरों ने कहा है कि वे पुलिस परिवार के बच्चों की पढ़ाई और करियर में हर संभव मदद करेंगे।


अन्य पोस्ट