ताजा खबर

देखें VIDEO : मादा तेन्दुआ की करंट से गई जान, 7 आरोपी गिरफ्तार
17-Dec-2025 2:54 PM
देखें VIDEO : मादा तेन्दुआ की करंट से गई जान, 7 आरोपी गिरफ्तार

 अंधविश्वास और लालच में किया था शिकार
‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता
राजनांदगांव, 17 दिसंबर।
खैरागढ़ जिले के वन ग्राम बनबोड़ के जंगल में एक हिंसक मादा तेन्दुआ की करंट से शिकार करने के मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बताया गया कि खैरागढ़ वनमंडल क्षेत्र में मादा तेन्दुआ की हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था।
आरोपियों ने अंधविश्वास और लालच में तेन्दुआ का शिकार कर  उसके अंगों को काटकर ले गए थे। इस अपराध का खुलासा वन विभाग ने महज 24 घंटे के भीतर करते हुए गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि तंत्र-मंत्र और जादू-टोना के चक्कर में ग्राम दैहान के ग्रामीणों ने मिलकर मादा तेन्दुआ का शिकार किया था। आरोपियों की निशानदेही पर वन विभाग की टीम ने मृत तेन्दुआ के काटे गए पंजे और दांत आदि बरामद कर लिए हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार खैरागढ़ वन मंडल के कोपेनवागांव-मुढ़ीपार क्षेत्र में सोमवार सुबह तेन्दुआ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया था। जंगल से कुछ दूरी पर राजस्व भूमि में पड़े शव ने पूरे इलाके में हडक़ंप मचा दिया था। ग्रामीणों द्वारा सोमवार सुबह तेन्दुआ को मृत अवस्था में देखे जाने के बाद तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी थी। सूचना मिलने के बाद विभागीय अमला मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

इस मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही थी। वहीं घटनास्थल को सुरक्षा बलों के साथ सील कर दिया था। गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड को भी जांच में शामिल किया गया था। और आसपास के गांवों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। वन विभाग द्वारा वन्य जीव संरक्षण नियमों के तहत तेन्दुआ का पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। तेन्दुआ के चारो पैरों के नाखून गायब थे और उसका जबड़ा भी शव के पास नहीं मिला। घटनास्थल के आसपास खून के धब्बे पाए गए। जिससे आशंका जताई गई कि तेन्दुआ की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को यहां लाकर फेंका गया।  

सूत्रों का कहना है कि वन विभाग की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने जंगल में अवैध रूप से बिजली के तार बिछाकर वन्य प्राणियों का शिकार जाल लगाया था। यह जाल किसी अन्य जानवर के लिए था, लेकिन उसमें एक मादा तेन्दुआ फंस गया। करंट लगने से गंभीर रूप से घायल तेन्दुआ को आरोपियों ने मरने के लिए छोडऩे के बजाय लाठी-डंडों से लगातार प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया और तेन्दुआ के चारों पंजे और दांत को काटकर अपने साथ ले गए और शव को जंगल में ही छोडक़र फरार हो गए। सघन पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद पूरे गिरोह की पहचान कर ली गई।  

आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही विभाग ने शिकार का सामान और मादा तेन्दुआ का अंग जब्त किया। गिरफ्तार आरोपियों में वन विभाग ने खैरागढ़ ब्लॉक के दैहान निवासी डोमन लाल वर्मा, चंदू राम वर्मा, हेमचंद वर्मा, दीपक यादव, फिरोज निषाद, कचरू यादव व भागवती वर्मा को गिरफ्तार किया है। वहीं आरोपियों की निशानदेही पर बिजली के तार, लाठी-डंडे, धारदार हथियार तेन्दुआ के काटे गए पंजे और दांत बरामद किए गए। वन विभाग ने नियमानुसार मादा तेन्दुआ का पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार भी किया। मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
 


अन्य पोस्ट