ताजा खबर
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हिजाब खींचने वाले वीडियो पर दिए अपने आपत्तिजनक बयान को लेकर उत्तर प्रदेश के मंत्री संजय निषाद ने सफ़ाई दी है.
उन्होंने कहा कि अगर किसी को उनके शब्दों से ठेस लगी हो तो उसे ‘वापस लेते’ हैं.
उधर, लखनऊ के कैसरबाग़ थाने में सपा नेता सुमैया राणा ने नीतीश कुमार और संजय निषाद के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करने के लिए शिकायत दर्ज कराई है.
समाचार एजेंसी एएनआई से वकील मीसाम ज़ैदी ने कहा, “जिस तरह संजय निषाद ने कहा है...इससे धार्मिक भावनाएं भड़क रही हैं और इससे सीधे सीधे सेक्शन 153ए का मामला बनता है. ये ऐसा कृत्य है, जिससे दंगा भड़के, आशांति फैले और राज्य में क़ानून व्यवस्था.”
उन्होंने कहा, “जो नीतीश कुमार ने किया है, वो सीधे सीधे छेड़खानी है और इस पर धारा 354 लगती है. उन्होंने स्त्री की लोकलाज को ठेस पहुंचाई है.”
क्या है मामला?
सोमवार को एक महिला नवनियुक्त आयुष डॉक्टर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नियुक्ति पत्र दे रहे थे.
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है, जिसमें दिख रहा है कि नीतीश कुमार नियुक्ति पत्र देते हुए एक मुस्लिम महिला आयुष डॉक्टर के चेहरे से हिजाब खींच रहे हैं.
इसे लेकर विपक्षी पार्टियां नीतीश कुमार पर निशाना साध रही हैं और उन्हें 'मानसिक रूप से अस्थिर' बता रही हैं.
एक निजी समाचार चैनल को दिए बयान में यूपी के मंत्री संजय निषाद ने नीतीश कुमार का बचाव करते हुए आपत्तिजनक बयान दिया था. (bbc.com/hindi)


