ताजा खबर
-उमंग पोद्दार
सुप्रीम कोर्ट की दो जजों की बेंच ने मंगलवार को जस्टिस यशवंत वर्मा की एक याचिका पर नोटिस जारी किया.
जस्टिस वर्मा की इस याचिका में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला की ओर से जज के घर से मिले कैश के आरोपों की जांच के लिए बनाई गई कमिटी के गठन को चुनौती दी गई है.
जस्टिस वर्मा अभी इलाहाबाद हाई कोर्ट के जज हैं. मार्च में, जब वे दिल्ली हाई कोर्ट में थे, तो कथित तौर पर उनके घर से बड़ी मात्रा में कैश मिला था.
अगस्त में, सांसद उनके ख़िलाफ़ महाभियोग प्रस्ताव लेकर आए. इसके बाद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने इन आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यों की एक कमिटी बनाई थी.
सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका में जस्टिस वर्मा ने तर्क दिया है कि स्पीकर ने कमिटी बनाते समय प्रक्रिया का पालन नहीं किया.
उन्होंने कहा है कि उनके महाभियोग का प्रस्ताव लोकसभा और राज्यसभा में एक ही दिन पेश किया गया था, लेकिन लोकसभा स्पीकर ने राज्यसभा के सभापति से सलाह किए बिना एकतरफा तरीके से कमिटी बना दी.
कोर्ट ने संसद के दोनों सदनों को नोटिस जारी किया है और जनवरी के पहले हफ़्ते में इस मामले की सुनवाई होने की संभावना है. (bbc.com/hindi)


