ताजा खबर

यमुना एक्सप्रेसवे हादसा: मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हुई, पुलिस ने और क्या बताया
16-Dec-2025 6:37 PM
यमुना एक्सप्रेसवे हादसा: मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हुई, पुलिस ने और क्या बताया

-सैयद मोज़िज़ इमाम

दिल्ली-आगरा यमुना एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे की वजह से हुए हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है. मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने इसकी जानकारी दी.

यह हादसा मथुरा के बलदेव इलाक़े में मंगलवार सुबह तक़रीबन 4.30 बजे हुआ. इसमें आठ बसें और तीन छोटे वाहन आपस में टकराए थे. इससे पहले इसमें चार लोगों की मौत की बात कही गई थी.

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया, "यमुना एक्सप्रेसवे पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में आठ बसों और तीन छोटे वाहनों के टकराने से आग लग गई थी, उसमें जो शव मिले थे उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था. कुछ लोगों को रेस्क्यू किया गया था, कुछ को इलाज के लिए भर्ती किया गया था."

उन्होंने कहा, "जो मलबा और अन्य अवशेष वहां से मिले, उन्हें मॉर्चुरी में भेजा गया था. डॉक्टरों ने इसका परीक्षण किया. परीक्षण के बाद 13 मौतों की पुष्टि हुई है."

पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीन शवों की पहचान हो गई है, बाकी के जले हुए या अधजले शवों की पहचान डीएनए के ज़रिए होगी. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट