ताजा खबर

कोयला कारोबारियों पर जीएसटी का शिकंजा, कई ठिकानों पर छापेमारी
16-Dec-2025 2:55 PM
कोयला कारोबारियों पर जीएसटी का शिकंजा, कई ठिकानों पर छापेमारी

कोयले में मिलावट और टैक्स चोरी की आशंका
छत्तीसगढ़' संवाददाता 

बिलासपुर, 16 दिसंबर। स्टेट जीएसटी की टीम ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए शहर और आसपास के क्षेत्रों में कोयला कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी की है।

स्टेट जीएसटी टीम ने 15 दिसंबर को हिंद कोल ग्रुप की गतौरा, हिंडाडीह और बलौदा स्थित कोल वाशरियों के साथ-साथ कंपनी कार्यालय में दस्तावेजों की जांच की। इस ग्रुप के डायरेक्टर राजेश अग्रवाल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा इंद्रमनी ग्रुप के डायरेक्टर सुनील अग्रवाल से जुड़े दो ठिकानों सहित कुल पांच स्थानों पर भी सर्चिंग की गई।

गौरतलब है कि दो दिन पहले ही रायपुर से आई टीम ने महावीर कोल वाशरी, फील कोल और पारस कोल एंड बेनेफिशिएशन सहित तीन बड़े कोयला कारोबारियों के 11 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस कार्रवाई में कुछ चर्चित कारोबारी परिवारों से जुड़े ठिकानों की भी जांच हुई थी।

सोमवार सुबह से देर रात तक चली जांच में अफसरों ने कोल कंपनियों के लेन-देन, बिक्री और आय से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले। शुरुआती जांच में कोल वाशरियों में बड़े पैमाने पर कोल मिक्सिंग और टैक्स हेराफेरी के संकेत मिले हैं। बताया जा रहा है कि कारोबारी टैक्स बचाने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे थे।
इसके पहले पिछले सप्ताह जीएसटी जांच के बाद महावीर कोल वाशरी ने 10 करोड़ रुपए, फील ग्रुप ने 11 करोड़ रुपए और पारस कोल वाशरी ने 6 करोड़ 50 लाख रुपए सरेंडर किए हैं। इस तरह तीनों कारोबारियों ने कुल 27 करोड़ 50 लाख रुपए का टैक्स सरेंडर किया है।


अन्य पोस्ट