ताजा खबर

अवैध कब्जा बताकर मूर्ति तोड़ी, रहवासियों ने थाना घेरा
16-Dec-2025 1:11 PM
अवैध कब्जा बताकर मूर्ति तोड़ी, रहवासियों ने थाना घेरा

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

रायपुर, 16 दिसम्बर। टिकरापारा के धरम नगर इलाके में हनुमान जी की मूर्ति तोड़े जाने का मामला सामने आया है। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने इसके विरोध में थाना का घेराव किया ।

जानकारी के अनुसार, तडक़े एक कथित व्यक्ति स्वयं को जमीन का मालिक बताते हुए जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंचा। आरोप है कि जमीन से अवैध कब्जा हटाने के नाम पर उसने वहां चाबूतरे में स्थापित हनुमान जी की मूर्ति को जेसीबी से तोड़ दिया और मलबे के साथ कचरे में फेंक दिया। 
मोहल्लेवासियों का आरोप है कि एक बछड़े को भी जेसीबी से गड़ाया गया है।

जब उन्होंने इस कृत्य का विरोध किया, तो संबंधित व्यक्ति ने स्वयं को पुलिसकर्मी बताते हुए रौब दिखाया और लोगों को धमकाया। वहीं, आरोपी पक्ष का कहना है कि संबंधित जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था।

घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने तडक़े टिकरापारा थाने का घेराव किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
वहीं मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया है कि जमीन को अवैध तरीके से अपना बताकर तोडफ़ोड़ किया गया। उसके पास जमीन के कोई वैध दस्तावेज भी नहीं है। 
इस बीच टिकरापारा टीआई ने  मीडिया को बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए जेसीबी चालक को गिरफ्तार कर लिया  है। पुलिस द्वारा पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है तथा अन्य आरोपियों की भी पड़ताल की जा रही है।


अन्य पोस्ट