ताजा खबर
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक महिला डॉक्टर का हिजाब खींचने के मामले में जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती ने निशाना साधा है.
महबूबा मुफ़्ती ने कहा कि 'शायद अब नीतीश कुमार के पद (मुख्यमंत्री) छोड़ने का समय आ गया है'.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "नीतीश जी को मैं व्यक्तिगत तौर पर जानती हूं और उनका सम्मान करती हूं, इसलिए एक युवा मुस्लिम महिला का नक़ाब खींचते हुए उन्हें देखना मेरे लिए हैरान करने वाला था."
महबूबा मुफ़्ती ने कहा, "इसे उम्र का असर माना जाए या मुसलमानों को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने को नॉर्मलाइज़ करना कहा जाए. उनके आसपास मौजूद लोगों का इस भयावह घटना को मनोरंजन की तरह देखते रहना और भी ज़्यादा परेशान करने वाला है."
उन्होंने कहा, "नीतीश साहब, शायद अब आपके पद छोड़ने का समय आ गया है."
सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो में नीतीश कुमार नियुक्ति पत्र देते हुए एक मुस्लिम महिला आयुष डॉक्टर के चेहरे से हिजाब खींचते दिख रहे हैं.
इस वीडियो के सामने आने के बाद आरजेडी, कांग्रेस समेत कई राजनीतिक दल सत्ता पक्ष पर हमलावर हैं. (bbc.com/hindi)


