ताजा खबर

नबीन छत्तीसगढ़ भाजपा के तीसरे प्रभारी, जो संगठन के शीर्ष पर..
14-Dec-2025 7:37 PM
नबीन छत्तीसगढ़ भाजपा के तीसरे प्रभारी, जो संगठन के शीर्ष पर..

  मोदी भी संभाल चुके हैं प्रभार  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 दिसंबर। भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन  छत्तीसगढ़ के तीसरे प्रभारी हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की कमान संभाली है। खास बात ये है कि नबीन से पहले जेपी नड्डा को भी पूर्णकालिक अध्यक्ष का जिम्मा सौंपने से पहले कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।

छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद राजनाथ सिंह को राज्य भाजपा का प्रभारी बनाया गया था। बाद में वो पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने।

इसी तरह पार्टी के तत्कालीन राष्ट्रीय महासचिव जेपी नड्डा को छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रभारी बनाया गया था। उन्होंने वर्ष-2013 के विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश संगठन का दायित्व बेहतर ढंग से संभाला। इसका प्रतिफल यह रहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी। नड्डा को शीघ्र ही भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली, और फिर वो पूर्णकालिक अध्यक्ष बन गए।

इससे परे वर्ष-2019 के लोकसभा चुनाव के बाद बिहार सरकार के मंत्री नबीन को छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रभारी सचिव बनाया गया। छत्तीसगढ़ में पार्टी की सरकार लाने में उनकी अहम भूमिका रही है।

नबीन को छत्तीसगढ़ में ओम माथुर की जगह प्रभारी नियुक्त किया गया। नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में भाजपा को अभूतपूर्व सफलता मिली। इससे बिहार में मंत्री पद पर रहते पार्टी को बड़ी सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

इन सब वजहों से 45 वर्षीय नबीन को कार्यकारी अध्यक्ष जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके कार्यकारी अध्यक्ष बनने से पार्टी में खुशी का माहौल है।

मोदी भी रह चुके हैं प्रभारी

पीएम नरेंद्र मोदी  छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी थे जो कि बाद में गुजरात के मुख्यमंत्री, और फिर प्रधानमंत्री बने। इसी तरह धर्मेंद्र प्रधान मंत्री प्रभारी रहे, जो कि पिछले 10 साल से केंद्र सरकार में मंत्री हैं। इसी तरह पिछले प्रभारी ओम माथुर सिक्किम के राज्यपाल है। सिर्फ डां अनिल जैन अकेले रह गए जिन्हें कुछ नहीं मिला। उन्हें वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में बुरी हार के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है।


अन्य पोस्ट