ताजा खबर
दिल्ली से सकारात्मक संकेत लेकर लौटी हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति
छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 14 दिसंबर। बिलासपुर में हवाई सुविधाओं के विस्तार को लेकर चल रहे जन आंदोलन को दिल्ली प्रवास से नई मजबूती मिली है। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात और सांकेतिक धरना देने के बाद शनिवार अपरान्ह बिलासपुर लौट आया। समिति का एक जत्था रविवार सुबह हमसफर एक्सप्रेस से शहर पहुंचा। दिल्ली में तय किए गए लक्ष्यों की पूर्ति होने पर समिति ने संतोष जताया है।
समिति ने बताया कि दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से महानगरों तक सीधी उड़ान और बिलासपुर एयरपोर्ट को 4सी श्रेणी का बनाने को लेकर सकारात्मक बातचीत हुई। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के साथ, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से एयरपोर्ट विस्तार के लिए आवश्यक 290 एकड़ भूमि के शीघ्र हस्तांतरण पर सहमति बनी।
समिति के अनुसार रक्षा राज्य मंत्री ने स्पष्ट कहा कि जब सरकार से सरकार के बीच जमीन का हस्तांतरण होना है, तो कीमत, ब्याज या धनराशि के मसले में प्रक्रिया को नहीं रोका जाना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि 290 एकड़ जमीन के हस्तांतरण में विलंब नहीं होगा और वे स्वयं संबंधित अधिकारियों से बात करेंगे।
समिति ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए सांकेतिक धरने में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और सांसद ज्योत्सना महंत की मौजूदगी से आंदोलन को बड़ी ताकत मिली। दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और मध्यप्रदेश के सांसद विवेक तनखा का भी पूरा सहयोग मिला।
दूसरी ओर बिलासपुर महा धरना जारी रहा, जिसमें समिति के कई सदस्य शामिल हुए। समिति ने स्पष्ट किया कि जब तक 4सी एयरपोर्ट निर्माण और महानगरों तक सीधी उड़ान का लक्ष्य पूरा नहीं होता, तब तक जन संघर्ष जारी रहेगा। समिति ने दिल्ली प्रवास के दौरान सहयोग के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू का आभार भी व्यक्त किया।


