ताजा खबर

महाराष्ट्र में 20 लाख के ईनामी बस्तर के तीन नक्सलियों का समर्पण
14-Dec-2025 1:54 PM
महाराष्ट्र में 20 लाख के ईनामी बस्तर के तीन नक्सलियों का समर्पण

 दो एसएलआर एक पिस्टल पुलिस को सौंपे
‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता
राजनांदगांव, 14 दिसंबर।
महाराष्ट्र के गोंदिया के जिले में तीन नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसर्पण किया है। तीनों नक्सली मूलत: छत्तीसगढ़ के बस्तर रेंज के रहने वाले हैं। तीनों ने दो एसएलआर और एक पिस्टल समेत पुलिस के सामने हथियार डाला है। तीनों पर कुल 20 लाख रुपए का ईनाम था। एमएमसी जोन में पिछले पखवाड़ेभर के भीतर सिलसिलेवार नक्सली आत्मसर्पण कर रहे हैं। जिसमें राजनांदगांव, बालाघाट  और गोंदिया जिले को नक्सल मोर्चे में अच्छी कामयाबी मिली है।

मिली जानकारी के मुताबिक दर्रेकसा क्षेत्र समिति कमांडर और 2 एसीएम सहित कुल 3 नक्सलियों ने गोंदिया जिला पुलिस के समक्ष हथियारों के साथ आत्मसर्पण किया। रोशन उर्फ मारा इरिया वेदजा दर्रेकसा क्षेत्र समिति के कमांडर, सुभाष एसीएम और रतन एसीएम 3 माओवादियों ने माओवादी वर्दी में हथियारों के साथ गोंदिया पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया।
महाराष्ट्र सरकार ने संयुक्त रूप से उन पर कुल 20 लाख रुपए के इनाम की घोषणा की थी। महाराष्ट्र सरकार द्वारा 2005 से घोषित आत्मसमर्पण योजना के कारण और हिंसा के जीवन से तंग आकर कई वरिष्ठ माओवादी जिनमें कट्टर माओवादी भी शामिल हैं, अब तक पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर चुके हैं।

मिली जानकारी के अनुसार बीते 28 नवंबर को एमएमसी जोन के विशेष क्षेत्रीय समिति सदस्य विकास उर्फ अनिल उर्फ नवजोत नागपुरे उर्फ रमेश सायन्ना  भास्कर लिंगय्या रामास्वामी सहित कुल 11 कट्टर माओवादियों ने गोंदिया पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया। इनमें से दर्रेकसा क्षेत्र समिति के कुछ शेष माओवादी सदस्यों ने अभी तक आत्मसमर्पण नहीं किया था। गोंदिया पुलिस बल ने शेष माओवादियों को आत्मसमर्पण कराने के प्रयास शुरू किए।

गोंदिया पुलिस द्वारा माओवादियों से संपर्क करने और उन्हें सरकार की मुख्यधारा में आने के लिए राजी करने के बाद 13 दिसंबर को दर्रेकसा क्षेत्र समिति के कमांडर रोशन सहित कुल 3 नक्सलियों ने गोंदिया पुलिस के समक्ष आत्मसर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी सदस्यों में रोशन ऊर्फ  मारा इरिया बेडजा 35 वर्ष मेंढरी ता.जिला बीजापुर कमांडर दर्रेकसा एरिया कमेटी ने एसएलआर शस्त्र, मैग्जीन 02 नग, राउंड 25 पर 8 लाख रुपए का ईनाम, सुभाष उर्फ पोज्जा बंडु रव्वा 26 साल निवासी येरापल्ली जिला बीजापुर एसीएम ने एसएलआर, मैग्जीन 02 नग एवं 23 राउंड पर 6 लाख तथा रतन उर्फ मनकु ओमा पोयम 25 वर्ष निवासी रेखापाल जिला नारायणपुर ने 8 एमएम पिस्टल, मैग्जीन 01 एवं 15 राउंड पर 6 लाख का ईनाम घोषित है।
 


अन्य पोस्ट