ताजा खबर

ओडिशा: मलकानगिरी हिंसा मामले में 6 गिरफ़्तार, इंटरनेट पर पाबंदी बढ़ी
14-Dec-2025 12:16 PM
ओडिशा: मलकानगिरी हिंसा मामले में 6 गिरफ़्तार, इंटरनेट पर पाबंदी बढ़ी

-सुब्रत कुमार पति

ओडिशा के मलकानगिरी में हुई हिंसा के बाद प्रभावित इलाक़ों से कर्फ़्यू हटा लिया गया है. हालांकि, बड़ी संख्या में केंद्रीय और राज्य पुलिस बल घटनास्थल पर तैनात हैं.

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, मलकानगिरी में सोमवार दोपहर तक इंटरनेट सेवा बंद रहेगी.

मलकानगिरी के जिलापाल सोमेश कुमार उपाध्याय ने मीडिया को बताया कि एमवी-26 गांव में हुआ नुक़सान लगभग 3.35 करोड़ रुपये का है. प्रशासन लोगों से लगातार बातचीत कर रहा है और शांति बहाल करने की हर संभव कोशिश की जा रही है.

हिंसा से प्रभावित इलाक़ों में सहायता पहुंचाई जा रही है. प्रभावित लोगों को अस्थायी घर बनाने के लिए सामान और पहनने के लिए कपड़े दिए गए हैं.

इस महीने की चार तारीख़ को एक महिला का शव बरामद हुआ था. इसे लेकर एमवी-26 और राखेलगुडा गांवों के बीच तनाव पैदा हो गया.

कई जगह स्थानीय लोगों ने पारंपरिक हथियारों के साथ प्रदर्शन किया.

प्रदर्शनकारियों ने कुछ लोगों के घर तोड़ दिए और कुछ घरों को आग के हवाले कर दिया.

महिला की हत्या के अभियुक्त को पुलिस ने पकड़ लिया है और उसे जेल भेज दिया गया है. हिंसा फैलाने के आरोप में अब तक छह लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.(bbc.com/hindi)

 


अन्य पोस्ट