ताजा खबर

तिहरे हत्याकांड में खुलासा, पांच लाख रुपये के लिए रचा गया था तंत्र-मंत्र का नाटक
14-Dec-2025 12:15 PM
तिहरे हत्याकांड में खुलासा, पांच लाख रुपये के लिए रचा गया था तंत्र-मंत्र का नाटक

कोरबा पुलिस ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोरबा, 14 दिसंबर।
कोरबा जिले के थाना उरगा क्षेत्र में तंत्र-मंत्र के नाम पर किए गए तिहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वारदात में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। मामले में थाना उरगा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 61(2) और 3(5) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 11 दिसंबर को ग्राम कुदरी स्थित एक फार्म हाउस में तीन व्यक्तियों की संदिग्ध हालात में मौत की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद मर्ग कायम कर शवों का पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में तीनों की मौत नायलॉन रस्सी से गला घोंटने के कारण दम घुटने से होना पाया गया, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि मामला हत्या का है।

जांच में सामने आया कि इस पूरे घटनाक्रम का सूत्रधार 24 वर्षीय आशीष दास है, जो बिलासपुर के कमल बिहार क्षेत्र का निवासी है। उसने खुद को तांत्रिक बताते हुए तंत्र-मंत्र के जरिए पांच लाख रुपये को ढाई करोड़ रुपये करने का झांसा दिया। उसके प्रलोभन में आकर नितेश रात्रे, अशरफ मेमन और सुरेश साहू को ग्राम कुदरी स्थित फार्म हाउस पहुंचे।

10 दिसंबर की रात आरोपी अपने साथ नायलॉन की रस्सी और तंत्र-मंत्र से जुड़ा सामान लेकर फार्म हाउस पहुंचा। उसने तंत्र-क्रिया का नाटक करते हुए अन्य साथियों को कमरे के बाहर रस्सी पकड़कर खड़े रहने को कहा। इसके बाद मृतकों को बारी-बारी से कमरे में बुलाया गया और बाहर खड़े सह-आरोपियों की मदद से उनका गला घोंटकर हत्या कर दी गई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस साजिश में बिलासपुर जिले के 75 वर्षीय राजेन्द्र जोगी निवासी जरहाभांठा, 55 वर्षीय केशव सूर्यवंशी निवासी घुरू गोकुलधाम सकरी, 42 वर्षीय अश्वनी कुर्रे निवासी अमेरी थाना सकरी, 46 वर्षीय संजय साहू उर्फ लव कुमार साहू निवासी मोदर थाना सीपत तथा 48 वर्षीय भागवत प्रसाद निवासी मुड़ापार बाजार शामिल थे। भागवत प्रसाद का मूल निवास जांजगीर-चांपा जिले के गांव पंतोरा में बताया गया है।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त नायलॉन रस्सी, तंत्र-मंत्र सामग्री, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल, स्कूटी, इनोवा कार और पांच लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। 


अन्य पोस्ट