ताजा खबर

अम्बेडकर अस्पताल में क्लिनिकल फॉरेंसिक मेडिसिन एण्ड टॉक्सीकोलॉजी यूनिट शुरू
13-Dec-2025 7:50 PM
अम्बेडकर अस्पताल में क्लिनिकल फॉरेंसिक मेडिसिन एण्ड टॉक्सीकोलॉजी यूनिट शुरू

यहाँ एफ.टी.ए. पेपर के द्वारा खून का नमूना डी.एन.ए. जाँच के लिए रखी जा सकेगी सुरक्षित

रायपुर, 13 दिसम्बर। अम्बेडकर चिकित्सालय के आपात चिकित्सा विभाग में  आने वाले मेडिको लीगल (एमएलसी) केस में व्यक्ति या पीड़ित के जांच एवं उपचार के लिए क्लिनिकल फॉरेंसिक मेडिसिन एंड टॉक्सिकोलॉजी यूनिट की स्थापना हुई । आज इस यूनिट का विधिवत शुभारंभ प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री  श्याम बिहारी जायसवाल ने  किया। स्वास्थ्य मंत्री ने चिकित्सा महाविद्यालय के नवनिर्मित मुख्य प्रवेश द्वार का भी उद्घाटन किया। 

इस अवसर पर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा, दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुनील सोनी, चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. विवेक चौधरी, अम्बेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर, फॉरेंसिक मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. स्निग्धा जैन, फॉरेंसिक मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. नागेंद्र सोनवानी, डॉ. शिवनारायण मांझी, डॉ. महेंद्र साहू (टॉक्सिकोलॉजिस्ट (Toxicologist)), फॉरेंसिक मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. कमल साहू समेत विभाग के अन्य फैकल्टी मेंबर भी मौजूद रहे।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि क्लिनिकल फॉरेंसिक मेडिसिन एण्ड टॉक्सीकोलॉजी  यूनिट मध्यभारत का पहला एवं पूरे देश का बारहवाँ यूनिट है । जहां पर चोट के मामले जो किसी अपराध का संकेत देते हैं ,उनकी जाँच, शराब के सेवन की ब्रीथ एनालाइज़र द्वारा जाँच, नशा का सेवन करने वालों की उनके यूरिन के माध्यम से पुष्टि तथा पोक्सो कानून के अंतर्गत आने वाले अपराधिक मामलों में उम्र बताने की जाँच करने वाला पहला संस्थान होगा।  यह अपराध के जांच और कार्रवाई में सटीक सूचना देने में अहम भूमिका निभाएगी। 

उन्होंने कहा कि यह राज्य का ऐसा संस्थान है जहाँ पर एफ.टी.ए. पेपर के द्वारा खून का नमूना डी.एन.ए. जाँच के लिए रखा जायेगा। मेडिको लीगल केस के अंतर्गत किए जाने वाले इन सभी जांचों का सीधा फायदा पुलिस विभाग को एवं  न्यायालय को अपराधिक मामलों के खात्मा करने में होगा। 

जाँच करने वाले डॉक्टरों की टीम में फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. स्निग्धा जैन, फॉरेंसिक मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. नागेंद्र सोनवानी (यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ मेडिकल साईंस दिल्ली से प्रशिक्षित), डॉ. शिवनारायण मांझी, डॉ. महेंद्र साहू एवं फॉरेंसिक मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. कमल साहू शामिल रहेंगे।

शराब के अलावा इन मादक पदार्थों के सेवन की भी हो सकेगी जाँच:-

1. एम्फ़ैटेमिन 2. बार्बिटुरेट्स 3. बेंजोडायजेपिन 4. कोकीन 5. मारिजुआना 6. मेथैम्फेटामाइन 7. ओपियोड (हेरोइन) 8. फेनसाइक्लिडीन (पीसीपी) 9. मॉर्फिन 10. मेथोडोन
11. एक्सटेसी 12. ट्राइसाइक्लिक एंटीडिप्रेसेंट


अन्य पोस्ट