ताजा खबर

13 साल में पहली बार बदलेगा एस्ट्रोटर्फ
13-Dec-2025 2:51 PM
13 साल में पहली बार बदलेगा एस्ट्रोटर्फ

राज्य सरकार ने नए टर्फ के लिए दिए 6.04 करोड़ की मंजूरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 13 दिसंबर। देश-दुनिया में मशहूर राजनंादगांव की हॉकी को और उन्नत रूप देने के लिए राज्य सरकार ने नए सिरे से एस्ट्रोटर्फ लगाने के लिए करोड़ों रुपए की राशि मंजूर की है। राजनांदगांव को हॉकी की नर्सरी के रूप में खेल के वैश्विक मानचित्र में जाना जाता है। यहां की राष्ट्रव्यापी सर्वेश्वरदास हॉकी प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही है। गौरवपथ स्थित अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में 13 साल बाद पुराने की जगह नया एस्ट्रोटर्फ लगाया जाएगा। इसी के साथ ही  खेल नगरी का गौरव फिर से लौट आएगा।

मिली जानकारी के मुताबिक राज्य सरकार ने टर्फ रिप्लेसमेंट को मंजूर करते नए एस्ट्रोटर्फ के लिए 6 करोड़ 4 लाख रुपए मंजूर किया है। इस राशि से टर्फ रिप्लेसमेंट, भवन और स्टेडियम के भीतर सडक़ों को दुरूस्त किया जाएगा। बताया जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इस राशि के लिए राज्य सरकार से मंजूरी के लिए आग्रह किया था। साल 2013 में एस्ट्रोटर्फ लगाया गया था। 7-8 साल के भीतर टर्फ पूरी तरह से एक्सपायर हो गया। ऐसे में कई खेल आयोजन को यहां से अन्यत्र  स्थानांतरित करना पड़ा। पिछले 2-3 सालों से राजा सर्वेश्वरदास हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन टलता रहा है। जिसके चलते शहर में खेल प्रेमियों को निराशा हाथ लगी थी। अब नए टर्फ लगने से प्रतियोगिता शुरू हो पाएगी। उम्मीद की जा रही है कि टर्फ निर्माण का काम जल्द शुरू होगा। ऐसे में फरवरी के आखिरी सप्ताह से सर्वेश्वरदास हॉकी प्रतियोगिता शुरू होगी।

 

खेल प्रेमियों ने किया स्वागत

नए टर्फ की स्वीकृति मिलने से खेल जगत के लिए शुक्रवार का दिन खास रहा है। लंबे समय से प्रतीक्षित राजनांदगांव के अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के एस्ट्रोटर्फ  परिवर्तन को प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि शहर के जनप्रतिनिधियों के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। जिसने पूरे खेल जगत में उत्साह का संचार किया है।

 विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह के विशेष प्रयास, मुख्यमंत्री तथा अध्यक्ष छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ डॉ. विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री  अरुण अरुण साव,  सांसद संतोष पांडे तथा  महापौर मधुसूदन यादव  के समन्वित प्रयासों से यह महत्वपूर्ण स्वीकृति संभव हो पाई है। इस मंजूरी के लिए छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, डीएचए  सचिव  शिवनारायण धकेता, मृणाल चौबे, नीलम जैन, भूषण साव, कुतबुद्दीन सोलंकी, रमेश डाकलिया, प्रकाश सांखला, ज्ञानचंद जैन, आशा थॉमस, प्रिंस भाटिया, महेंद्र ठाकुर, गुणवंत पटेल, रणविजय प्रताप सिंह, तीरथ गोस्वामी, अजय झा, प्रकाश शर्मा, अब्दुल कादिर, राजू रंगारी, अनुराज श्रीवास्तव, रामावतार जोशी, गणेश प्रसाद शर्मा, कुमार स्वामी, शकील अहमद, किशोर धीवर, खुशाल यादव, अरुण शुक्ला, राजेश यादव, दिग्विजय श्रीवास्तव, आशीष सिन्हा, शहर के वरिष्ठ खिलाड़ी एवं समस्त खेल प्रेमी नागरिकों ने विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. रमन सिंह सहित सभी जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। सभी ने कहा कि इस स्वीकृति से न केवल राजनांदगांव हॉकी को नई गति मिलेगी, बल्कि युवा खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा निखारने का एक मजबूत मंच भी प्राप्त होगा।

शहर के खेल भविष्य का स्वर्ण अध्याय - योगेश

जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव योगेश बागड़ी ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ की बहुप्रतीक्षित मांग पूर्ण होने पर हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय शहर की हॉकी नर्सरी के लिए एक बड़ी सौगात है। लंबे समय से हॉकी खिलाडिय़ों को जिस आधुनिक मैदान की प्रतीक्षा थी, वह आज पूरी हो रही है। उन्होंने कहा कि ये स्वीकृतियां शहर के खेल भविष्य का स्वर्ण अध्याय है।

उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ के लिए 5 करोड़ 92 लाख रुपए की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसके अलावा शहर को दो और महत्वपूर्ण सौगात मिली हैं। टेनिस कोर्ट निर्माण के लिए 50 लाख और खेलो इंडिया प्रोजेक्ट के तहत सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक के लिए 9 करोड़ 50 लाख रुपए की मंजूरी दी गई है। इन स्वीकृतियों से संस्कारधानी अब तेजी से खेलधानी के रूप में विकसित होगी।

 


अन्य पोस्ट