ताजा खबर

केंद्र की रोक के बाद भी एल्यूमिनियम के बर्तनों की खरीद, कांग्रेस के आरोप
12-Dec-2025 4:45 PM
केंद्र की रोक के बाद भी एल्यूमिनियम  के बर्तनों की खरीद, कांग्रेस के आरोप

पीएम पोषण योजना में गड़बड़ी की शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 दिसंबर। प्रधानमंत्री पोषण योजना के मद में एल्यूमिनियम बर्तन खरीदी का मामला प्रकाश में आया है। खास बात ये है कि केंद्र सरकार ने एल्यूमिनियम के बर्तनों को स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताकर उपयोग नहीं करने की सलाह दी थी। बावजूद इसके खरीदी हो रही है। इस पूरे मामले पर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है, और इसके खिलाफ विधानसभा में मामले को उठाने की तैयारी की जा रही है। पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि कुछ फर्मों को उपकृत करने के लिए खरीदी हो रही है।

बताया गया कि केंद्रीय स्कूल शिक्षा मंत्रालय ने 3 जुलाई 2023 को सभी राज्यों को पत्र लिखकर एल्यूमिनियम के बर्तनों में खाना नहीं बनाने या परोसने के लिए निर्देश जारी किए थे। पूर्व संसदीय सचिव ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि केंद्र सरकार की स्पष्ट गाइडलाइन के बावजूद एल्यूमिनियम सामग्री के उपयोग पर रोक को दरकिनार कर अपने चहेते फर्मों को लगातार लाभ दिलाने के लिए खरीदी हो रही है।

 

उन्होंने बताया कि करीब 6 करोड़ के बर्तनों की खरीदी हो रही है। उपाध्याय ने आरोप लगाया कि बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। शिकायतों में बार-बार जिन फर्मों के नाम सामने आ रहे हैं, उनमें एनआर एसोसिएट, गणपति इंटरप्राइजेस, श्रीराम क्रिएशन प्रमुख हैं। इन्हीं सबको काम दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगया कि पिछले वर्षों से इन्हीं फर्मों को लाभ मिलता रहा है, जबकि अन्य योग्य और कम दर वाले सप्लायर्स तकनीकी शर्तों या अतिरिक्त योग्यता मानकों के नाम पर बाहर कर दिए जा रहे हैं।

पूर्व संसदीय सचिव ने यह भी बताया कि शर्तें इस तरह गढ़ी गईं कि केवल चुनिंदा फर्म ही पात्र बन सकें, और इसके लिए बच्चों की सेहत को भी ताक पर रख दिया गया है। उन्होंने बताया कि अब केवल औपचारिक जाँच नहीं, बल्कि पूरे तंत्र की समीक्षा की जरूरत है। उन्होंने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है, और जिम्मेदार अफसरों पर कार्रवाई की भी मांग की है।


अन्य पोस्ट