ताजा खबर

शिवराज पाटिल के निधन पर पीएम मोदी और राहुल गांधी ने जताया शोक
12-Dec-2025 10:44 AM
शिवराज पाटिल के निधन पर पीएम मोदी और राहुल गांधी ने जताया शोक

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृहमंत्री शिवराज पाटिल के निधन पर प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है.

पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, “शिवराज पाटिल जी के निधन से मुझे गहरा दुःख हुआ है. वे एक अनुभवी नेता थे, जिन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री, महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष और लोकसभा अध्यक्ष के रूप में कार्य किया."

"वे समाज कल्याण में योगदान देने के लिए अत्यंत समर्पित थे. सालों से मेरा उनसे कई बार संपर्क रहा. कुछ महीने पहले वे मेरे निवास पर आए थे. इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं.”

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, “पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है और पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति है."

"जनसेवा के प्रति उनका समर्पण, राष्ट्र के लिए उनके योगदान हमेशा याद किए जाएंगे...”

प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा, “…पाटिल जी ने रक्षा मंत्रालय समेत कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली और दशकों तक जनता की सेवा की. उनका जाना कांग्रेस परिवार के लिए अपूर्णीय क्षति है.”

शिवराज पाटिल बीमार चल रहे थे और शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े छह बजे उन्होंने महाराष्ट्र के लातूर में अपने घर में अंतिम सांस ली.

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथशिंदे, महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर राहुल नारवेकर, महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पटोले, एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले समेत कई नेताओं ने शिवराज पाटिल के सार्वजनिक योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी.

शिवराज पाटिल मराठवाड़ा के लातूर से सांसद रह चुके हैं. साल 2008 में मुंबई हमले के समय वो देश के गृह मंत्री थे. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट