ताजा खबर

आंध्र प्रदेश में यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 9 लोगों की मौत
12-Dec-2025 10:07 AM
आंध्र प्रदेश में यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 9 लोगों की मौत

आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीतारामाराजू ज़िले में यात्रियों से भरी एक बस खाई में गिर गई जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई.

बीबीसी तेलुगू के अनुसार, रामपचोडावरम के सब-कलेक्टर शुभम नकवाल ने बीबीसी को बताया कि यह दुर्घटना शाम करीब 5 बजे उस समय हुई जब बस अरकु से भद्राचलम जा रही थी.

सब-कलेक्टर ने बताया कि ड्राइवर ने कहा कि मोड़ के दौरान वह बस को नियंत्रित नहीं कर पाया क्योंकि बस का गियरबॉक्स काम नहीं कर रहा था.

चित्तूर आईटीडीए के पुलिस स्टेशन प्रमुख स्मरन राज ने बीबीसी को बताया कि इस घटना में 9 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई. 22 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए.

इस बस में चित्तूर ज़िले के श्रद्धालु यात्रा कर रहे हैं.

बताया जाता है कि इस बस में दो ड्राइवरों समेत 37 लोग सवार थे. तुलसीपकाला से 9 किलोमीटर दूर घाट रोड पर चलते हुए बस एक घाटी में गिर गई.

आंध्र के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर शोक व्यक्त किया है.

एक्स पर उन्होंने लिखा,"एक निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से हम सभी गहरे सदमे में हैं. इस दुर्घटना में कई लोगों की जान जाना बेहद दुखद है. मैंने दुर्घटना के संबंध में अधिकारियों से बात की और प्रभावित लोगों को दी जा रही सहायता के बारे में जानकारी ली. मैंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएं." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट