ताजा खबर
-इमरान क़ुरैशी
कर्नाटक कैबिनेट ने बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) और अन्य क्रिकेट मैचों के आयोजन को सैद्धांतिक मंज़ूरी दे दी है.
साथ ही कुछ शर्तें लगाई हैं जो जस्टिस कुन्हा जांच आयोग की सिफ़ारिशों पर आधारित है.
आयोग ने चार जून को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की आईपीएल ट्रॉफ़ी जीत के जश्न के दौरान 11 लोगों की मौत की जांच की थी और इसके बाद अपनी सिफ़ारिशें पेश की थीं.
कैबिनेट का यह फ़ैसला, बुधवार को कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के नए अध्यक्ष और पूर्व भारतीय क्रिकेटर वेंकटेश प्रसाद की कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उप-मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार से मुलाक़ात के बाद आया है.
इस समय राज्य विधानसभा का शीतकालीन सत्र बेलगावी में चल रहा है और वहीं ये मुलाक़ात हुई थी.
बैठक के बाद शिवकुमार ने एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल के लिए अनुकूल फ़ैसले के संकेत दिए थे.
कैबिनेट की बैठक के बाद एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न ज़ाहिर करते हुए बीबीसी हिंदी को बताया, “भीड़ नियंत्रण उपायों पर जस्टिस कुन्हा आयोग की सिफ़ारिशों को शर्तों में शामिल किया जाएगा. इन शर्तों को गृह विभाग अंतिम रूप देगा.”
भगदड़ के बाद स्टेडियम में मैच आयोजित करने पर लगी पाबंदी की वजह से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने दलीप ट्रॉफ़ी और इंडिया–साउथ अफ़्रीका ‘ए’ सीरीज़ को शहर के बाहरी इलाक़े सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस में स्थानांतरित कर दिया था.
चिन्नास्वामी स्टेडियम को आईसीसी महिला विश्वकप 2025 के पांच मैचों की मेज़बानी भी करनी थी और इनमें फ़ाइनल भी शामिल था.
भगदड़ की घटना के बाद कुछ पदाधिकारियों को अपने पद से इस्तीफ़ा भी देना पड़ा था. (bbc.com/hindi)


