ताजा खबर
-दिलीप कुमार शर्मा
अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ ज़िले में छागलागाम के पास मज़दूरों से भरा एक ट्रक पहाड़ी से नीचे गहरी खाई में गिर गया. इस हादसे में 21 लोगों की मौत हुई है.
अंजॉ पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार रात 9 बजे के आसपास की है. लेकिन इसका पता तब चला जब इस हादसे में बचा एक घायल मज़दूर किसी तरह हेडक्वार्टर शहर पहुंचकर प्रशासन को इसकी जानकारी दी.
इस हादसे की पुष्टि करते हुए अंजॉ ज़िले के पुलिस अधीक्षक अनुराग द्विवेदी ने बीबीसी से कहा, "22 मज़दूरों को लेकर असम से अरुणाचल प्रदेश आ रहा एक ट्रक छागलागाम से महज 10 किलोमीटर पहले पहाड़ी से एक गहरी खाई में गिर गया."
उन्होंने कहा, "इस हादसे में 21 लोगों की मौत हुई है. यह घटना सोमवार रात की है. दरअसल इस हादसे में जिंदा बचे एकमात्र मजदूर ने जैसे ही प्रशासन को जानकारी दी तो राहत टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई."
पुलिस के अनुसार अब तक 13 मज़दूरों के शव बरामद किए जा चुके है जबकि बाक़ी लापता लोगों की तलाश जारी है.
इस हादसे में बचे बुद्धेश्वर नामक घायल मजदूर ने स्थानीय मीडिया के समक्ष कहा कि रात के समय गाड़ी फिसलकर सीधे गहरी खाई में जा गिरी थी. अंधेरा होने के कारण पता नहीं चला कौन कहां गिरा.
इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी मज़दूर असम के तिनसुकिया जिले के रहने वाले थे.
इस हादसे पर प्रधानमंत्री मोदी ने भी दुख जताया है. पीएमओ इंडिया की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी. वहीं घायलों को पचास हज़ार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी. (bbc.com/hindi)


