ताजा खबर
-मोहर सिंह मीणा
पंजाब की सीमा से सटे राजस्थान में हनुमानगढ़ ज़िले में प्रस्तावित एक एथेनॉल फैक्ट्री का किसान लगातार विरोध कर रहे हैं. बीते दिन बुधवार को हुई एक महापंचायत के बाद किसानों ने निर्माणाधीन फैक्ट्री पर कूच किया.
इस दौरान पुलिस की लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागे जाने से नाराज़ किसान उग्र हो गए. कई गाड़ियों में तोड़फोड़ कर आगजनी कर दी गई. घटना के दौरान कई किसान और पुलिस जवान भी घायल हुए हैं.
घटना के बाद से इलाक़े में इंटरनेट बंद है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. ज़िला प्रशासन के आदेश पर इलाक़े में निषेधाज्ञा लागू है.
श्रीगंगानगर से हनुमानगढ़ के टिब्बी के लिए कार्यकर्ताओं के साथ जा रहे कांग्रेस विधायक रुपिंदर सिंह कुन्नर को पुलिस ने हिरासत में लिया है.
टिब्बी के एक गुरुद्वारे में किसानों की आगामी रणनीति के लिए सभा भी आयोजित हुई है.
पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरि शंकर ने बीबीसी से कहा, "फैक्ट्री के विरोध में एक संघर्ष समिति की महापंचायत हुई थी. ज़िला प्रशासन की मनाही के बावजूद महापंचायत में शामिल कुछ लोगों ने फैक्ट्री की तरफ कूच किया."
एसपी ने बताया, "हमने 107 नामजद लोगों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की है. कुछ हिरासत में लिए जा चुके हैं और कुछ घायलों का इलाज जारी है, जिन्हें भी हिरासत में लिया जाएगा."
उन्होंने कहा, "कुछ असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ की है. हमारे पुलिस के 37 जवान घायल हुए हैं, जिनमें से पांच जवान हनुमानगढ़ में भर्ती हैं. क़ानून तोड़ने वालों के ख़िलाफ़ पुलिस सख़्त कार्रवाई करेगी."


