ताजा खबर
-प्रभाकर मणि तिवारी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को नदिया ज़िले के कृष्णनगर में मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) के मुद्दे पर बयान दिया है.
उन्होंने महिलाओं से कहा कि अगर उनके नाम मतदाता सूची से कटते हैं तो वो रसोई के हथियारों के साथ तैयार रहें.
पश्चिम बंगाल में एसआईआर की प्रक्रिया आज ही पूरी हुई है.
ममता बनर्जी ने रोहिंग्या और बांग्लादेशी होने के संदेह में बांग्लाभाषियों के जबरन सीमा पार पुश बैक के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा.
ममता ने कहा, "हम जानते हैं कि बंगाल से किसी को जबरन खदेड़ने की स्थिति में उसे वापस कैसे लाया जाता है. मैं बंगाल से किसी को खदेड़ने नहीं दूंगी."
उन्होंने एसआईआर के मुद्दे पर चुनाव आयोग और भाजपा पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, "एसआईआर के ज़रिए किसी का नाम मतदाता सूची से हटने की स्थिति में वो इसके ख़िलाफ़ धरने पर बैठेंगी."
ममता ने कहा कि एसआईआर के नाम पर माताओं और बहनों से मतदान का अधिकार नहीं छीना जा सकता.
ममता ने कहा, "महिलाएं सामने के मोर्चे पर लड़ेंगी और पुरुष उनके पीछे रहेंगे. लेकिन मनमानी तरीके से सूची से नाम काटना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा." (bbc.com/hindi)


