ताजा खबर
अमेरिका के विदेश विभाग ने सभी वीज़ा आवेदकों की पूरी जांच की बात कही है. इस जांच में वीज़ा आवेदकों की ऑनलाइन मौजूदगी की समीक्षा भी शामिल है.
विभाग ने यह भी कहा है कि 15 दिसंबर से सभी एच-1बी वीज़ा आवेदकों और ए-4 वीज़ा कैटेगरी में आने वाले उनके आश्रितों की भी ऑनलाइन मौजूदगी की समीक्षा होगी.
यूएस सिटीज़नशिप एंड इमीग्रेशन सर्विसेज़ (यूएससीआईसी) के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2024 में मंज़ूर किए गए कुल एच-1बी वीज़ा में 71 प्रतिशत लाभार्थी भारत से थे.
अमेरिकी विदेश विभाग ने एक बयान में कहा, "सभी वीज़ा आवेदकों की जांच की जाएगी. इसमें 'एफ़', 'एम' और 'जे' नॉन-इमिग्रेंट कैटेगरी के सभी स्टूडेंट और एक्सचेंज विज़िटर आवेदकों की ऑनलाइन मौजूदगी की समीक्षा शामिल है."
इसके लिए अमेरिकी विदेश विभाग ज़रूरत पड़ने पर अपॉइंटमेंट में बदलाव करेगा.
भारत में अमेरिकी दूतावास ने इस पर कहा है कि वह सभी भारतीय वीज़ा आवेदकों की नई अपॉइंटमेंट तारीख़ में मदद करेगा.
अमेरिकी दूतावास ने एक्स पर लिखा, "अगर आपको ऐसा ईमेल मिला है जिसमें बताया गया है कि आपका वीज़ा अपॉइंटमेंट दोबारा तय किया गया है, तो मिशन इंडिया आपकी नई अपॉइंटमेंट तारीख़ पर आपकी मदद के लिए तत्पर है."
अमेरिकी दूतावास ने बताया, "पहले वाली अपॉइंटमेंट तारीख़ पर पहुंचने पर आपको एम्बेसी या कंसुलेट में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी." (bbc.com/hindi)


