ताजा खबर
माइक्रोसॉफ़्ट ने भारत में आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (एआई) के विकास के लिए एक 'बड़े निवेश' की घोषणा की है. माइक्रोसॉफ़्ट के चेयरमैन और सीईओ सत्या नडेला ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है.
सत्या नडेला ने पोस्ट किया है, "भारत की महत्वाकांक्षाओं को समर्थन देने के लिए, माइक्रोसॉफ़्ट 17.5 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश करने के लिए प्रतिबद्ध है- एशिया में हमारा अब तक का सबसे बड़ा निवेश- ताकि भारत के एआई फ़र्स्ट भविष्य के लिए ज़रूरी इंफ़्रास्ट्रक्चर, स्किल्स और क्षमताओं को बनाने में मदद मिल सके."
सत्या नडेला ने मंगलवार को नई दिल्ली में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात की.
इस मुलाक़ात के बाद उन्होंने भारत में एआई के मौकों पर बातचीत के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद दिया.
पीएम मोदी ने नडेला के पोस्ट पर जवाब दिया, "जब एआई की बात आती है, तो दुनिया भारत को लेकर बहुत आशावादी है! सत्या नडेला के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई. यह देखकर खुशी हुई कि भारत वह जगह है जहां माइक्रोसॉफ़्ट एशिया में अपना अब तक का सबसे बड़ा निवेश करेगा." (bbc.com/hindi)


