ताजा खबर
छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 9 दिसंबर। जांजगीर जिले के जंगलों से भटककर एक जंगली हाथी बीते चार दिनों से बिलासपुर के सीपत क्षेत्र में घूम रहा है। हाथी की मौजूदगी से भरुवाडीह, कैमाडीह और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीण पूरी रात जागकर गुज़ार रहे हैं, जबकि खेतों में किसान अपनी सालभर की मेहनत बर्बाद होने को लेकर बेहद चिंतित हैं।
रविवार रात हाथी ने ग्राम पोड़ी के किसान भागवत प्रसाद धीवर के खेत में घुसकर धान व सब्जी की फसल को रौंद दिया। किसान के मुताबिक खेत में रखी 60 बोरी धान में से 3 बोरी हाथी ने खा ली और सब्ज़ियों की बोआई को पूरी तरह नष्ट कर दिया। हाथी ने किसान भागवत को भी दौड़ा दिया, हालांकि वह किसी तरह घर पहुंचकर जान बचाने में सफल रहा।
पीड़ित किसान ने रात में ही 112 पर कॉल किया, लेकिन सुबह 11 बजे तक कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में नाराज़गी है। वन विभाग ने हाथी की गतिविधियों को देखते हुए गांव-गांव मुनादी कराई है। कारीछापर, जूहली, कैमाडीह, खाड़ा और आसपास के कई गांवों को अलर्ट किया गया है। स्थिति गंभीर देख स्कूलों में एहतियातन छुट्टी घोषित की जा चुकी है।
रेंजर शुभम मिश्रा के नेतृत्व में सीपत, बेलतरा, सोंठी और खोंधरा सर्किल के 20 से अधिक कर्मचारियों की टीम तैनात है जो लगातार हाथी के मूवमेंट पर नजर रख रही है।
हाथी को सोमवार को कैमाडीह से ठरकपुर–भरुवाडीह की ओर लौटते देखा गया।


