ताजा खबर

बिलासपुर के पास हाथियों का आतंक, महिला पर हमला
07-Dec-2025 12:10 PM
बिलासपुर के पास हाथियों का आतंक, महिला पर हमला

दो साल पहले भी हुई थी सीपत क्षेत्र में आमद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 7 दिसंबर। सीपत क्षेत्र में करीब दो वर्षों बाद फिर हाथियों ने दस्तक दे दी है। कटघोरा वनमंडल से भटककर आए चार हाथियों ने शुक्रवार देर रात ग्रामीण इलाकों में हलचल मचा दी। इनमें से एक हाथी भरुवाडीह बिट के बिल्कुल नजदीक पहुंच गया, जबकि बाकी तीन खोंदरा सर्किल की ओर बढ़ते देखे गए।

शनिवार सुबह लगभग 5:30 बजे भरुवाडीह की संतबाई ऊईके जंगल में जलाऊ लकड़ी लेने गई थीं, तभी भटके हुए हाथी ने उन पर अचानक हमला कर दिया। महिला की कमर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। 108 एंबुलेंस न मिलने पर वन विभाग को पुलिस की 112 गाड़ी की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाना पड़ा। बाद में उन्हें सिम्स, बिलासपुर रेफर किया गया।

डिप्टी रेंजर लक्ष्मीकांत गढ़ेवाल के अनुसार यह हाथी प्रजनन काल में झुंड से बिछड़ गया है। हाथी पर लगातार नजर रखी जा रही है और ठरकपुर–भरुवाडीह जंगल में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे जंगल की ओर न जाएं।

स्थिति की नजाकत देखते हुए भरुवाडीह प्राथमिक स्कूल की सुबह पाली की कक्षाएं बंद कर दी गईं। वन प्रबंधन समिति और विभाग की टीमें लगातार गांवों का मुआयना कर रही हैं। शाम होते ही कैमाडीह क्षेत्र की बिजली भी बंद कराई गई, ताकि हाथी को बिना रुकावट जंगल की ओर बढ़ने दिया जा सके।

अधिकारियों का अनुमान है कि हाथी अब पाली मार्ग की ओर लौट रहा है। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है।


अन्य पोस्ट