ताजा खबर

गोवा के नाइटक्लब में भीषण आग से 23 लोगों की मौत, सीएम ने क्या कहा?
07-Dec-2025 8:46 AM
गोवा के नाइटक्लब में भीषण आग से 23 लोगों की मौत, सीएम ने क्या कहा?

गोवा के एक नाइटक्लब में शनिवार देर रात लगी आग में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने अंदेशा जताया है कि आग सिलेंडर फटने से लगी है.

माना जा रहा है कि मरने वालों में ज़्यादातर लोग क्लब के कर्मचारी थे. नॉर्थ गोवा के अर्पोरा इलाके़ में स्थित इस क्लब में कुछ पर्यटक भी उन लोगों में शामिल थे जिनकी जान गई है.

न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया कि मरने वालों में ज़्यादातर नाइटक्लब के किचन में काम करने वाले कर्मचारी थे. इनमें तीन महिलाएं भी शामिल थीं.

सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "आज गोवा के लिए बहुत दुखद दिन है. अर्पोरा में हुई आग की एक बड़ी घटना में 23 लोगों की जान चली गई है."

उन्होंने कहा कि मैं इस घड़ी में सभी पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.

सीएम सावंत ने बताया, "मैं घटना स्थल पर गया और इस हादसे की जांच के आदेश दिए हैं. जांच में पता लगाया जाएगा कि आग की असल वजह क्या थी."

"जिन्हें भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उनके ख़िलाफ़ कानून के तहत सबसे कड़ी कार्रवाई की जाएगी. किसी भी तरह की लापरवाही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट