ताजा खबर

किसान ने की खुदकुशी की कोशिश, रायपुर भेजा
06-Dec-2025 5:31 PM
 किसान ने की खुदकुशी की कोशिश, रायपुर भेजा

टोकन न मिलने से तनाव में थे -परिजन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद/ पिथौरा, 6 दिसंबर।
आज महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड के ग्राम सेनभाठा में 65 वर्षीय किसान  ने गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद उन्हें बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद श्वास नली कटने के कारण उन्हें रायपुर भेज दिया गया। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति गंभीर बताई है।

किसान मनबोध गांड़ा के पुत्र शंकर गांड़ा ने बताया कि उनके पिता खेमड़ा सोसायटी में 50 कट्टा धान बेचने के लिए तीन दिनों से टोकन कटवाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन मोबाइल नंबर अपडेट न होने की वजह से टोकन नहीं कट पा रहा था। 

बेटे ने बताया कि हमारे परिवार में 11 सदस्य हैं। 1 एकड़ 40 डिसमिल जमीन है। धान की कटाई पूरी हो चुकी है और घर में रखा है।

उन्होंने बताया कि च्वाइस सेंटर में मोबाइल नंबर अपडेट करने को कहा जा रहा था, और इसी को लेकर पिता परेशान थे।

 

परिजनों के अनुसार, मनबोध रोज की तरह सुबह 8 बजे मवेशियों को चराने निकले थे और खेत में जाकर गला काट लिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिवार को दी, जिसके बाद 112 के माध्यम से अस्पताल ले जाया गया।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार संबंधित किसान सोसायटी नहीं गया था, बल्कि अन्य माध्यमों से टोकन कटवाने का प्रयास कर रहा था। 

कलेक्टर के अनुसार सोसायटी में टोकन की एक सीमा निर्धारित होती है और वहां ऐसी समस्या नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि किसान को उपचार के लिए रायपुर भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट