ताजा खबर

एयरपोर्ट विस्तार पर तेजी का भरोसा दिलाया डिप्टी सीएम साव ने
06-Dec-2025 3:06 PM
एयरपोर्ट विस्तार पर तेजी का भरोसा दिलाया डिप्टी सीएम साव ने

संघर्ष समिति ने 290 एकड़ जमीन तुरंत लेने, 4सी श्रेणी के लिए 100 करोड़ आवंटन की मांग रखी

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

बिलासपुर, 6 दिसंबर। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात कर बिलासपुर एयरपोर्ट विस्तार की लंबित समस्याओं को लेकर चर्चा की। समिति ने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार के लिए आवश्यक 290 एकड़ जमीन को तुरंत अधिग्रहित कर 50 करोड़ रुपये जमा कर दिए जाएं, जबकि शेष 722 एकड़ की प्रक्रिया बाद में पूरी की जा सकती है।

समिति ने यह भी आग्रह किया कि एयरपोर्ट को 4सी श्रेणी में अपग्रेड करने के लिए कम से कम 100 करोड़ रुपये का आवंटन अनुपूरक बजट में किया जाए। साथ ही सुझाव दिया कि बिलासपुर में उड़ान सुविधाएं बढ़ाने के लिए केवल एलाइंस एयर पर निर्भर न रहकर निजी एयरलाइनों को आमंत्रित करने ओपन टेंडर प्रक्रिया अपनाई जाए।

समिति का कहना है कि वर्तमान अनुबंध में जबलपुर–जगदलपुर रूट शामिल है, जबकि बिलासपुर–जगदलपुर रूट की जरूरत अधिक है। यह बदलाव होने पर जगदलपुर–दिल्ली उड़ान बिलासपुर होकर जा सकेगी, जिससे राजधानी दिल्ली के लिए अतिरिक्त फ्लाइट उपलब्ध होगी।

उपमुख्यमंत्री ने समिति की बातें ध्यान से सुनते हुए विभिन्न विभागों को तुरंत आवश्यक निर्देश जारी किए, जिनमें पीडब्ल्यू इंजीनियरों को एएआई और डीजीसीए से ट्रेनिंग तथा रिफ्रेशर कोर्स कराना भी शामिल है।


अन्य पोस्ट