ताजा खबर
रीति रिवाज से पूजा कर 200 से अधिक लोगों ने किया मृत्युभोज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 4 दिसंबर। रायगढ़ जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है। हाथी शावक की पानी में डूबकर मौत हो जाने के दस दिन बाद गांव के ग्रामीणों ने आपस में चंदा कर मृत हाथी शावक की आत्मा की शांति के लिए विधि विधान से उसका दशकर्म का कार्यक्रम किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के तमनार वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गौरमुड़ी गांव में पिछले दिनों तालाब में डूबकर एक हाथी शावक की मौत हो गई थी। जिसके बाद गांव के ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम को घटना की जानकारी दी गई और मौके पर पहुंची वन विभाग ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकालते हुए पंचनामा तैयार कर शव को तालाब किनारे ही दफना दिया था।
गांव के ग्रामीणों ने बताया कि हाथी शावक की मौत के बाद उनके क्षेत्र में हाथियों का बढ़ गया। हाथियों ने तालाब के आसपास के अलावा किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचाया। गांव के तालाब में ग्रामीणों ने निस्तारी करना बंद कर दिया था। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने सहमत होकर हाथी शावक की आत्मा की शांति के लिए इंसान की भांति दशकर्म करने का निर्णय किया। इसी के तहत तालाब किनारे हिन्दू रीति से हाथी शावक का दशकर्म का आयोजन किया गया जिसमें 200 से अधिक की संख्या में गांव के ग्रामीण शामिल होकर मृत्यु भोज भी ग्रहण किया।
तीसरे दिन दिनेश ने कटाया बाल और दाढ़ी
गांव के ग्रामीणों ने बताया कि 25 नवंबर की सुबह जब गांव के तालाब की हाथी शावक का शव मिला था, तब गांव के ही दिनेश यादव ने उसके शव को तालाब से बाहर निकाला था। हाथी शावक की मौत के तीन दिन बाद दिनेश ने नाई के पास बाल-दाढ़ी भी कटवाया था।
आत्मा की शांति के लिए किया गया अनुष्ठान
गांव के गोटिया शेषदेव पंडा ने बताया कि हाथी शावक की मौत के बाद तालाब की शुद्धिकरण और नन्हें मृत हाथी शावक के आत्मा की शांति के लिए अनुष्ठान किया गया। इस दौरान हाथी शावक के फोटो में माल्यार्पण कर पूजा की गई साथ ही पंडित ने आत्मा की शांति के लिए आहूति भी दी।
क्या कहते हैं वन परिक्षेत्र अधिकारी
इस संबंध तमनार वन परिक्षेत्र अधिकारी विक्रांत कुमार ने बताया बीते दिनों तमनार रेंज में 34 हाथियों का दल विचरण कर रहा था। इस दौरान गौरमुड़ी में हाथियों का दल पानी पीने पहुंचा था, इसी बीच शावक हाथी की पानी में डूबने से मौत गई थी। जिस तालाब में हाथी शावक के डूबने से मौत हुई हैं वहां के ग्रामीणों ने नन्हें शावक का दशकर्म करने की जानकारी मिली है।




