ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 दिसंबर। प्रदेश के स्टील कारोबारियों के ठिकानों पर गुरुवार को आयकर अमले ने दबिश दी। आयकर की कार्रवाई जारी है। बताया गया कि आयकर की जांच रायपुर के अलावा रायगढ़ में भी चल रही है।
बताया गया कि आयकर विभाग की एक बड़ी टीम ने रायपुर के सिलतरा स्थित देवी स्पंज, ओम स्पंज, और हिंदुस्तान क्वाइल में गुरुवार को सुबह दबिश दी।
इन स्टील प्लांट के संचालक मेग्नेटो मॉल के पीछे सिग्नेचर होम में निवासरत हैं। प्लांट के संचालक विकास अग्रवाल, विपिन अग्रवाल और अरविंद अग्रवाल हैं, और वो रियल एस्टेट कारोबार से भी जुड़े हुए हैं। कारोबारियों के सीए के यहां भी आयकर टीम ने दबिश दी है। जांच टीम के साथ सीआरपीएफ जवान भी तैनात हैं। समाचार लिखे जाने तक कार्रवाई जारी है। इसके अलावा रायगढ़ निवासी प्रतीक गोयल के यहां भी आयकर टीम ने जांच पड़ताल कर रही है।
रायपुर के आनंदम निवासी विनोद सिंगला के घर सिलतरा स्थित एमएस पाइप निर्माण फैक्ट्री इस्पात इंडिया, आनंदम में ही रहने वाले रवि बजाज के घरों में भी आयकर ने दबिश दी है। टीमों ने सभी फाइनेंशियल रिकॉर्ड, जमीन सौदों से जुड़े दस्तावेज और ट्रांजैक्शन की जांच शुरू कर दी है। इनमें से एक का हवाला कारोबार बताया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई टैक्स चोरी और अनियमितताओं की शिकायतों के आधार पर की गई है। पिछले तीन से पांच वर्षों के आयकर रिटर्न में बड़े अंतर को लेकर यह दबिश दी गई है।
आयकर अधिकारी कंप्यूटर हार्ड डिस्क, लेनदेन रजिस्टर और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच में जुटे हुए हैं। इन छापों की खबर फैलते ही औद्योगिक क्षेत्र से लेकर शहर तक हलचल बढ़ गई है। इनसे कारोबारी ताल्लुक रखने वाले अन्य कारोबारी भी अपने एकाउंट सहेजने में जुट गए। इन छापों को लेकर विभाग 3-4 दिन से तैयारी कर रहा था। इसमें सीआरपीएफ के 100 सशस्त्र जवानों की सुरक्षा मदद ली गई है।


.jpeg)
