ताजा खबर

अमेरा कोल खदान विस्तार का विरोध, ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प
03-Dec-2025 2:38 PM
अमेरा कोल खदान विस्तार का विरोध, ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प

 एसडीओपी, एएसपी, टीआई समेत  2 दर्जन पुलिस कर्मी और कुछ ग्रामीण जख्मी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 3 दिसंबर।
सरगुजा जिले के लखनपुर क्षेत्र में अमेरा कोल खदान के विस्तार को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प हुई। पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों ने लाठी-डंडों के साथ पुलिस बल को निशाना बनाया और पत्थर फेंके, जिसमें एसडीओपी, एएसपी, टीआई समेत  2 दर्जन पुलिस कर्मी घायल हुए।
 पुलिस ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े गए, जिसमें कुछ ग्रामीण भी घायल हुए।

ग्रामीणों का आरोप - भूमि अधिग्रहण बिना विस्तार कार्य
जानकारी के अनुसार खदान प्रबंधन पुलिस बल की मौजूदगी में विस्तार से संबंधित कार्य कर रहा था। ग्राम परसोडी कला के ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिलने पर ग्रामीण विरोध करने पहुंचे।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी किए बिना खदान का विस्तार किया जा रहा है।
अंबिकापुर से अतिरिक्त पुलिस बल भेजा
पुलिस के अनुसार, जब ग्रामीणों को रोका गया तो उन्होंने पुलिस पर लाठी-डंडों से हमला किया और पत्थर फेंके। इस घटना में ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों, दोनों को चोटें आईं।

स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर से अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया है।
स्थिति नियंत्रण के प्रयास
अधिकारियों के अनुसार पुलिस द्वारा आँसू गैस के गोले और सीमित लाठीचार्ज का उपयोग कर भीड़ को हटाने की कोशिश की गई।
एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट सहित पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नियंत्रण के प्रयास जारी हैं।
लगातार विरोध जारी
ग्राम परसोडी कला के ग्रामीण खदान विस्तार का विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि भूमि अधिग्रहण के बिना विस्तार की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और पुलिस मौजूद हैं। लखनपुर थाना क्षेत्र के अमेरा खदान इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
 


अन्य पोस्ट