ताजा खबर

खेलते-खेलते बिना मुंडेर के कुएं में गिरने से दो चचेरी बहनों की मौत
03-Dec-2025 2:10 PM
खेलते-खेलते बिना मुंडेर के कुएं में गिरने से दो चचेरी बहनों की मौत

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

जांजगीर-चांपा, 3 दिसंबर। जांजगीर क्षेत्र के कनई गांव में मंगलवार शाम खेलते-खेलते दो चचेरी मासूम बहनें शाम करीब 5 बजे घर के आंगन में बने बिना मुंडेर के कुएं में गिर गईं। गहराई अधिक होने के कारण दोनों डूब गईं। परिजनों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना से पूरे गांव में मातम छा गया है।

जानकारी के अनुसार, बच्चों के घर के बाड़ी में एक कच्चा और बिना मुंडेर का कुआं था, जिसका उपयोग परिवार सब्जी के लिए पानी निकालने में करता था। मंगलवार शाम 4 साल की प्रिंसी दरवेश, पिता चंद्रप्रकाश, और 6 साल की अस्मिता दरवेश, पिता छत्रप्रकाश, घर के आंगन में खेल रही थीं। खेलते-खेलते दोनों कुएं के एकदम पास पहुंच गईं और अचानक पैर फिसलने से कुएं में जा गिरीं। बताया जा रहा है कि एक बच्ची के गिरने पर दूसरी ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन दोनों गहरे पानी में डूब गईं।

जब कुछ देर तक दोनों बच्चियां नजर नहीं आईं, तो परिजनों ने खोज शुरू की। उनकी नजर जैसे ही बाड़ी में बने गड्ढा-नुमा कुएं पर पड़ी, वे घबराकर दौड़े। दोनों को बाहर निकाला गया और तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। रात होने की वजह से दोनों बच्चियों का पोस्टमार्टम बुधवार को किया गया।


अन्य पोस्ट