ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 26 फरवरी। कांकेर जिले में एक महिला माओवादी कैडर के आत्मसमर्पण की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस के अनुसार उत्तर बस्तर डिवीजन कमेटी से जुड़ी माओवादी डीवीसीएम मासे बारसा ने एके-47 राइफल के साथ आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पित नक्सली लाखों की ईनामी है।
पुलिस के मुताबिक मासे बारसा ने पुनर्वास के लिए संपर्क कर पुलिस के समक्ष उपस्थित होकर आत्मसमर्पण किया। इससे पहले डीवीसीएम रैंक के मल्लेश और पार्टी सदस्य रानू पोडियाम भी कांकेर पुलिस एवं बीएसएफ के समक्ष आत्मसमर्पण कर चुके हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मल्लेश और रानू पोडियाम से प्राप्त जानकारी तथा स्थानीय वरिष्ठजनों के सहयोग से मासे ने भी आत्मसमर्पण की प्रक्रिया पूरी की।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने बताया कि क्षेत्र में सक्रिय अन्य माओवादी कैडरों से संपर्क स्थापित कर उन्हें मुख्यधारा में शामिल करने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज, सुन्दरराज पट्टलिंगम ने आत्मसमर्पण करने वाले कैडरों के निर्णय का स्वागत करते हुए अन्य सक्रिय सदस्यों से भी हिंसा छोडक़र मुख्यधारा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि आत्मसमर्पण करने वालों को शासन की पुनर्वास नीति के तहत सहायता दी जाएगी।
पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाले कैडरों के सामाजिक पुनर्वास और हथियारों की औपचारिक सुपुर्दगी की प्रक्रिया आगामी दिनों में पूरी की जाएगी।


