ताजा खबर

मौसाजी स्वीट्स के सभी ठिकानों पर एकसाथ जीएसटी की रेड
03-Dec-2025 1:14 PM
मौसाजी स्वीट्स के सभी ठिकानों पर एकसाथ जीएसटी की रेड

कम्प्यूटर सिस्टम, फाइलें और दस्तावेज जब्त, देर रात तक चली जांच

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

बिलासपुर, 3 दिसंबर। शहर की चर्चित मिठाई ब्रांड मौसाजी स्वीट्स पर मंगलवार शाम स्टेट जीएसटी विभाग की रेड हुई। रायपुर और बिलासपुर की संयुक्त टीमों ने शाम करीब 4:30 बजे शहर की सभी शाखाओं में एक साथ दबिश देकर रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि बड़ी मात्रा में टैक्स हेराफेरी की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है।

अफसरों ने सुबह मौसाजी स्वीट्स में नाश्ता किया और सामान्य ग्राहक की तरह बिल लेकर निकल गए।
शाम को उसी जगह रेड के लिए पहुंचकर सभी दस्तावेज, बिल-पर्ची और हिसाब-किताब अपने कब्जे में ले लिया।
चार-सदस्यीय टीम ने कम्प्यूटर सिस्टम को सील कर दिया और हर शाखा में दो-दो अधिकारियों को जांच के लिए लगाया गया।

अधिकारियों ने कम्प्यूटर सिस्टम, लैपटॉप, बिलिंग सॉफ्टवेयर, रजिस्टर और डायरी, फाइलें और टैक्स से जुड़े दस्तावेज को कब्जे में लेकर लेन-देन का पूरा हिसाब देखा। स्थानीय अधिकारी जांच के दौरान किसी का भी फोन रिसीव नहीं कर रहे थे।जांच रात 12 बजे तक चलती रही और जाते समय टीम कई दस्तावेजों की प्रतियां साथ ले गई।

व्यापार विहार स्थित शाखा में जॉइंट कमिश्नर खुद पहुंचे और रिकॉर्ड की जांच कर टीम को निर्देश दिए।
वे रात 10:30 बजे लौट गए, पर तीन सदस्यीय टीम देर रात तक वहीं रुककर दस्तावेजों की जांच करती रही। रायपुर से पहुंची टीम ने बिलासपुर के अधिकारियों को ब्रीफ करने के बाद सभी शाखाओं पर रेड शुरू कर दी।

मालूम हो कि शहर के श्रीकांत वर्मा मार्ग, तिफरा, सरकंडा, मंगला और गोलबाजार में मौसाजी स्वीट्स की शाखाएं हैं। कल एक साथ सभी जगहों पर कार्रवाई की गई। जांच टीम के अधिकारियों ने किसी भी प्रकार की जानकारी साझा नहीं की, लेकिन टैक्स गड़बड़ी को लेकर शहर भर में चर्चा तेज रही।

 


अन्य पोस्ट