ताजा खबर

पेड़ ने बचाई 40 फीट खाई में गिरती बस को, एक युवक की मौत, 3 घायल
03-Dec-2025 12:17 PM
पेड़ ने बचाई 40 फीट खाई में गिरती बस को, एक युवक की मौत, 3 घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 3 दिसंबर। केंदा के पास बंजारी घाट में मंगलवार शाम बिलासपुर-पेंड्रा रोड पर दीप ट्रैवल्स की यात्री बस अचानक मोड़ पर बेकाबू होकर कंक्रीट वॉल से टकराई और पलटते-पलटते करीब 40 फीट गहरी खाई के किनारे जा पहुंची। गनीमत रही कि रास्ते में खड़ा एक पेड़ सहारा बन गया और बस उसी पर टिक गई, वरना कई यात्रियों की जान पर बन आती।

दुर्घटना कोटा थाना क्षेत्र के केंदा चौकी इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि इस मार्ग पर लंबे समय से सड़क उखड़ी पड़ी है और निर्माण कार्य के कारण जगह-जगह गड्ढे व तेज मोड़ बने हुए हैं। इसी बीच मरवाही से बिलासपुर आ रही बस (सीजी 10 जी 0336) बंजारी घाट के एक मोड़ पर अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे की कंक्रीट वॉल से टकराते हुए पेड़ पर झूल गई।

हादसे के वक्त बस में 31 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद झटके से सभी यात्री एक तरफ गिर पड़े।
ग्राम केंदा सेमरी निवासी यशपाल कंवर (20) को गंभीर चोटें आईं और तीन अन्य लोग भी घायल हुए। मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने सभी घायलों को बाहर निकाला। यशपाल को एंबुलेंस से रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार यशपाल अपने रिश्तेदार से मिलने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मुरमुर गया हुआ था और लौटते समय यह हादसा हो गया।

इधर हादसा होते ही बस चालक अर्जुन कश्यप बस से कूदकर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि सड़क की खराब स्थिति और तेज मोड़ ने स्थिति को और खतरनाक बनाया।

घटना की सूचना मिलते ही कोटा थाना और बेलगहना चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरी घटना की जांच शुरू की।  


अन्य पोस्ट