ताजा खबर

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उतई के शासकीय मद का गबन-धोखाधड़ी, महिला गिरफ्तार
02-Dec-2025 8:54 PM
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उतई के शासकीय मद का गबन-धोखाधड़ी, महिला गिरफ्तार

जननी सुरक्षा योजना एवं जीवनदीप समिति बैंक खाता से 26 लाख गबन‌ का मामला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 2 दिसंबर। दुर्ग जिला अंतर्गत उतई थाना में नारायण लाल बंजारे की रिपोर्ट पर 26 लाख के गबन का मामला कल दर्ज कर पुलिस ने आरोपी महिला को आज गिरफ्तार किया है।

आपको बता दें कि शिकायत के अनुसार माह अक्टूबर में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उत्तई के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डाक्टर नरेन्द्र मोलन के द्वारा किरण भारत सागर (कनिष्ठ सचिवीय सहायक) के विरूद्ध वित्तीय एवं लेखा संबंधी अनियमितता के संबध में पत्र खण्ड चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थय केन्द्र, निकुम जिला दुर्ग को दिया था। खण्ड चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र निकुम द्वारा जांच समिति गठन किया गया।

जांच समिति द्वारा जांच रिपोर्ट में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उतई के जीवनदीप समिति एवं जननी सुरक्षा योजना के शासकीय खातों में 26 लाख 6 हजार 57 रूपये राशि का अनियमित्त आहरण कर कनिष्ठ सचिवीय सहायक (जेएसए) श्रीमती किरण भारत सागर द्वारा अपने स्वयं के बैंक खाता एवं परिचितों के नाम पर अंतरण किया गया है, जिसका सत्यापन बैंक से प्राप्त खाता स्टेटमेंट के आधार पर किया गया।

रिपोर्ट पर थाना उतई में अपराध क्रमांक 484/2025 घारा 316(5),318(4) बीएनएस कर विवेचना में लिया गया।

प्रकरण की विवेचना के दौरान आरोपिया कनिष्ठ सचिवीय सहायक (जेएसए) श्रीमती किरण भारत सागर का पत्ता तलाश कर हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उत्तई के शासकीय मद से गबन एवं धोखाधड़ी किये गये राशि को 4 लाख रूपये बजाज फायनेंस, 5 लाख रूपये नावी फायनेंस, 1 लाख रूपये यूनिटी बैंक, 1 लाख 40 हजार रूपये मनी व्यू लोन कंपनी, 60 हजार रूपये ग्रामीण बैंक, 70 हजार रूपये श्रीराम फायनेंस, 40 हजार रूपये सिम्स प्रायवेट कंपनी में अपने लिये गये ऋण में जमा करना बतायी। इसी प्रकार उक्त राशि से 1 वाहन मोटर सायकल टीव्हीएस को क्रय करना तथा 2 लाख 88 हजार रूपये जननी सुरक्षा योजना एवं जीवनदीप समिति में जमा करना बताई। आरोपिया किरण भारत सागर के द्वारा पेश करने पर बैंक ऑफ इंडिया के खाता का पासबुक, चेकबुक एवं पेनकार्ड, ओप्पो एएसप्रो मोबाईल को विधिवत जब्त कर आरोपिया को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।


अन्य पोस्ट